आईपीएल 2025 के 46वें मैच में दिल्ली कैपिटल्स (DC) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की टक्कर हो रही है। दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में टॉस गंवाकर पहले बैटिंग करते हुए DC ने आरसीबी के सामने 163 रन का लक्ष्य रखा है। 17 ओवर के खेल के बाद दिल्ली कैपिटल्स का स्कोर 6 विकेट के नुकसान पर 120 रन था। ऐसा लग रहा था कि वह 150 के करीब भी नहीं पहुंच पाएगी। क्योंकि पिच से गेंदबाजों को भरपूर मदद मिल रही थी।
बल्लेबाजों के लिए रन बनाना आसान नहीं था लेकिन छठे नंबर पर उतरे ट्रिस्टन स्टब्स ने मोर्चा संभाला और आतिशी पारी खेलकर DC को लड़ने लायक स्कोर तक पहुंचा दिया। स्टब्स ने 18 गेंद में 5 चौके और एक छक्के की मदद से 34 रन ठोके। वह आखिरी ओवर की पांचवीं गेंद पर भुवनेश्वर कुमार का शिकार बने। स्टब्स अपनी जिम्मेदारी को बखूबी निभाकर पवेलियन लौटे। उन्होंने विपराज निगम के साथ छठे विकेट के लिए 15 गेंद में 38 रन की साझेदारी की। विपराज ने 6 गेंद में 12 रन बनाए।
यह भी पढ़ें: मुंबई इंडियंस ने लगाया जीत का पंजा, बुमराह के आगे LSG ने टेके घुटने
डुप्लेसी और केएल राहुल की धीमी बल्लेबाजी
दिल्ली कैपिटल्स की शुरुआत अच्छी रही। अभिषेक पोरेल ने 9 गेंद में ताबड़तोड़ 28 रन ठोक 3 ओवर में DC का स्कोर 32 रन तक पहुंचा दिया। दूसरे छोर से फाफ डुप्लेसी संघर्ष कर रहे थे। 5 मैचों के बाद दिल्ली कैपिटल्स की प्लेइंग-XI में वापसी कर रहे डुप्लेसी 9 गेंद में 4 रन पर थे। जोश हेजलवुड ने डाउन दे लेग गेंद पर पोरेल का विकेट झटक DC को पहला झटका दिया। पोरेल ने 11 गेंद की अपनी पारी में 2 चौके और इतने ही छक्के लगाए। उनके जाने के बाद नंबर 3 पर उतरे करुण नायर (4) पांचवें ओवर में यश दयाल का शिकार बने।
लगातार ओवरों में लगे दो झटके के बाद दिल्ली कैपिटल्स की पारी सुस्त पड़ गई। डुप्लेसी और केएल राहुल ने 31 गेंद में सिर्फ 28 रन जोड़े। फाफ डुप्लेसी का संघर्ष क्रुणाल पंड्या ने समाप्त किया। डुप्लेसी ने 26 गेंद में 2 चौके की मदद से सिर्फ 22 रन बनाए। वह 100 का स्ट्राइक रेट से भी मेंटेन नहीं कर पाए। अक्षर पटेल ने 13 गेंद में 15 रन का योगदान दिया। केएल राहुल क्रीज पर पर्याप्त समय बिताने के बाद अपनी पारी को गति नहीं दे पाए। वह 39 गेंद में 105.12 के स्ट्राइक रेट से 41 रन बनाकर पवेलियन लौटे। इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर उतरे आशुतोष शर्मा (2) भी कुछ खास नहीं कर पाए। ट्रिस्टन स्टब्स ने संकटमोचक DC की लाज बचाई। आरसीबी के लिए भुवनेश्वर कुमार ने 3 विकेट झटके। वहीं हेजलवुड को 2 सफलता मिली।
यह भी पढ़ें: ट्राई सीरीज में भारतीय टीम की जीत के साथ आगाज, श्रीलंका को हराया