इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के 31वें मुकाबले में अभिषेक शर्मा ने गदर काट दिया है। सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के इस विस्फोटक ओपनर ने दिल्ली कैपिटल्स (DC) के खिलाफ शतक ठोक विराट कोहली की बराबरी कर ली है। अभिषेक अब कोहली के साथ टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। कोहली ने 9 टी20 शतक लगाए हैं। वहीं अभिषेक के नाम भी 9 टी20 शतक हो गए हैं।

 

अभिषेक इससे पहले रोहित शर्मा (8 शतक) के साथ बराबरी पर थे। उन्होंने मंगलवार (21 अप्रैल) को राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में DC की चौतरफा धुनाई की और रोहित को पीछे छोड़ कोहली के बराबर पहुंच गए।

 

यह भी पढ़ें: DC ने दोहराई CSK वाली गलती, अभिषेक ने दी वही सजा, ठोकी आतिशी सेंचुरी

टी20 में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले भारतीय

  • अभिषेक शर्मा - 9 शतक (184 पारियां)
  • विराट कोहली - 9 शतक (403 पारियां)
  • रोहित शर्मा - 8 शतक (454 पारियां)

SRH ने खड़ा किया बड़ा स्कोर

पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर SRH ने अभिषेक की शतक की मदद से 242/2 का विशाल स्कोर खड़ा किया है। अभिषेक 68 गेंद में 135 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने अपनी पारी के दौरान 10 चौके और इतने ही छक्के उड़ाए। ट्रेविस हेड ने 26 गेंद में 37, कप्तान ईशान किशन ने 13 गेंद में 25 और हेनरिक क्लासेन ने 13 गेंद में नाबाद 37 रन का योगदान दिया।

 

अभिषेक 47 गेंद में ही अपनी सेंचुरी पूरी कर चुके थे। वह अंत में थोड़े धीमे पड़ गए, जिससे वह अपने ही 141 रन के रिकॉर्ड को नहीं तोड़ पाए। अभिषेक ने पिछले साल इसी मैदान पर पंजाब किंग्स के खिलाफ रन चेज में 141 रन ठोके थे, जो IPL में किसी भारतीय बल्लेबाज का बेस्ट स्कोर है।

 

यह भी पढ़ें: हर डिपार्टमेंट का स्पेशलिस्ट गायब, अब क्या ही कर पाएगी CSK!

IPL में बेस्ट स्कोर

  • 175 - क्रिस गेल (RCB) बनाम PWI, बेंगलुरु 2013
  • 158 - ब्रैंडन मैकुलम (KKR) बनाम RCB, बेंगलुरु 2008
  • 141 - अभिषेक शर्मा (SRH) बनाम PBKS, हैदराबाद 2025
  • 140 - क्विंटन डिकॉक (LSG) बनाम KKR, नवी मुंबई 2022
  • 135 - अभिषेक शर्मा (SRH) बनाम DC, हैदराबाद 2026