इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के आगामी सीजन के लिए होने वाले प्लेयर ऑक्शन में दो दिन ही शेष रह गए हैं। मिनी नीलामी 15 दिसंबर को अबू धाबी में होनी है, जिसके लिए 359 खिलाड़ी शॉर्टलिस्ट किए गए हैं। सभी 10 टीमों में 77 स्लॉट खाली हैं। यानी ऑक्शन में अधिकतम इतने ही खिलाड़ियों के लिए बोली लगाई जाएगी। सभी की निगाहें कैमरन ग्रीन, वेंकटेश अय्यर, रवि बिश्नोई, मथीशा पथिराना जैसे स्टार्स पर हैं कि ये कितने में बिकते हैं। इन बड़े खिलाड़ियों के बीच कुछ अनकैप्ड भारतीय पेसर भी हैं, जो ऑक्शन में बड़ी डील हासिल कर सकते हैं। पढ़िए वे 5 अनकैप्ड तेज गेंदबाज कौन हैं, जिन पर पैसों की बारिश हो सकती है।

        आकिब नबी

जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज आकिब नबी घरेलू क्रिकेट में लगातार सुर्खियां बटोर रहे हैं। लाल गेंद हो या सफेद गेंद, हर जगह आकिब नबी छाए हुए हैं। 29 साल के आकिब ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी (SMAT) 2025 में 7 मैचों में 15 विकेट लिए। वह सबसे ज्यादा विकेट चटकाने वाले गेंदबाजों की लिस्ट में छठे नंबर पर हैं। इसके अलावा वह रणजी ट्रॉफी 2025-26 में भी सर्वाधिक विकेट लेने के मामले में दूसरे नंबर पर चल रहे हैं। आकिब ने पिछले रणजी सीजन में 8 मैचों में 44 विकेट अपनी झोली में डाले थे। वह टॉप-5 विकेट टेकर्स की लिस्ट में इकलौते तेज गेंदबाज थे। उन्हें कई IPL फ्रेंचाइजियां ट्रायल के लिए बुला चुकी हैं।

 

यह भी पढ़ें: कौन हैं UP के वे 12 खिलाड़ी जिनके लिए IPL ऑक्शन में लगेगी बोली?

        अशोक शर्मा

राजस्थान के अशोक शर्मा SMAT 2025 में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। 23 साल के इस तेज गेंदबाज ने महज 7 मैचों में 19 विकेट झटक लिए हैं। उन्होंने दो बार 4 विकेट हॉल और दो बार 3 विकेट हॉल लिए हैं। वह IPL में कोलकाता नाइट राइडर्स (2022) और राजस्थान रॉयल्स (2025) का हिस्सा रह चुके हैं। हालांकि उन्हें डेब्यू करने का मौका नहीं मिला। लगातार 140 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से गेंद डाल रहे अशोक पर इस बार करोड़ों की बोली लगने की अटकलें तेज हैं।

        राज लिम्बानी

बड़ौदा के लिए घरेलू क्रिकेट खेलने वाले राज लिम्बानी जबरदस्त फॉर्म में हैं। वह SMAT 2025 में संयुक्त रूप से चौथे सबसे ज्यादा विकेट झटकने वाले गेंदबाज हैं। 20 साल के इस स्विंग गेंदबाज ने 7 मैचों में 15 विकेट लिए। अंडर-19 वर्ल्ड कप 2024 में कहर ढा चुके लिम्बानी कच्छ के रण से आते हैं। उन्होंने रेगिस्तानी रेत पर टेनिस बॉल से खेलकर अपना सफर शुरू किया है और अब वह भारत के सबसे प्रतिभाशाली तेज गेंदबाजों में से एक हैं।

 

यह भी पढ़ें: कितनी भी चालाकी कर लें कैमरन ग्रीन, मिलेंगे तो 18 करोड़ ही!

        आकिब खान

21 साल के आकिब खान उत्तर प्रदेश के लिए 19 फर्स्ट क्लास मैच खेल चुके हैं, जिसमें उन्होंने 50 से ज्यादा विकेट लिए हैं। इसके अलावा व्हाइट बॉल क्रिकेट में उनके नाम 24 विकेट दर्ज है। तेज गति से गेंद को स्विंग कराने की उनकी क्षमता से कई फ्रेंचाइजियां प्रभावित हैं। माना जा रहा है कि आकिब जल्द ही IPL कॉन्ट्रैक्ट मिल सकता है।

        मनी ग्रेवाल

दिल्ली के मनी ग्रेवाल ने हाली ही में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी से अपने प्रोफेशनल टी20 करियर की शुरुआत की थी। उनको डेब्यू मैच में कोई सफलता नहीं मिली लेकिन उनकी तेज रफ्तार से सटीक यॉर्कर डालने की काबिलियत उन्हें ऑक्शन में बड़ी राशि दिला सकती है। 25 साल के मनी ग्रेवाल के पास 6 फर्स्ट क्लास मैचों का अनुभव है। वह दिल्ली प्रीमियर लीग 2025 में विकेट लेने के मामले में संयुक्त रूप से नंबर-1 पर थे। उन्होंने सेंट्रल दिल्ली किंग्स के लिए खेलते हुए 11 मैच में 20 विकेट लिए थे।