इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के आगामी सीजन में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) नए प्लान के साथ उतर रही है। इस बार फ्रेंचाइजी ने युवा खिलाड़ियों पर दांव लगाया है। इससे पहले तक वह अनुभवी खिलाड़ियों पर ही भरोसा जताती आई थी। पिछले सीजन में खराब प्रदर्शन के बाद CSK ने अपनी फिलॉसफी में बदलाव किया और प्रशांत वीर और कार्तिक शर्मा जैसे युवा खिलाड़ियों पर 14.20-14.20 करोड़ रुपये खर्च दिए। उसके पास आयुष म्हात्रे, डेवाल्ड ब्रेविस और नूर अहमद जैसे युवा टैलेंट पहले से ही थे। कभी 'डैडी आर्मी' के नाम से जाने जानी वाली CSK की प्लेइंग-XI में अब 5 खिलाड़ी ऐसे दिख रहे हैं, जिनकी उम्र 25 से कम है।

सरफराज को खिलाएगी CSK?

CSK ने सरफराज खान को भी खरीदा है। सरफराज ने घरेलू क्रिकेट के व्हाइट बॉल टूर्नामेंट में धुआंधार बल्लेबाजी कर IPL में कमबैक किया है। उन्होंने पिछले साल दिसंबर में हुए मिनी ऑक्शन में ऑक्शन से पहले सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी (SMAT) में असम के खिलाफ 47 गेंद में शतक ठोक था। इसके बाद उन्होंने कुछ और बेहतरीन पारियां खेली, जिससे वह बोली हासिल करने में सफल रहे। हालांकि CSK की प्लेइंग-XI में उनकी जगह बनती नहीं दिख रही है।

 

यह भी पढ़ें: 'रात में आईसक्रीम...' जितेश शर्मा ने वैभव सूर्यवंशी का कौन सा बड़ा राज खोल दिया?

हर बाउंड्री के लिए तीन से भी कम गेंद ले रहे हैं सरफराज

CSK की टीम संजू सैमसन और आयुष म्हात्रे की ओपनिंग जोड़ी के साथ उतरेगी। इसके बाद कप्तान ऋतुराज गायकवाड़, डेवाल्ड ब्रेविस, शिवम दुबे, कार्तिक शर्मा, प्रशांत वीर और महेंद्र सिंह धोनी आएंगे। इस बल्लेबाजी क्रम में सरफराज को मौका मिलना मुश्किल है। अगर CSK उन्हें खिलाती है, तो कार्तिक शर्मा को बाहर बैठाना होगा। फ्रेंचाइजी ने कार्तिक पर जितनी रकम खर्च की है, उसे देखते हुए इसकी कम ही संभावना है कि उन्हें बाहर रखा जाएगा।

 

सरफराज को इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर भी उतरना संभव नहीं है। CSK जेमी ओवरटन या रामकृष्ण घोष को इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर आजमाती नजर आएगी। हालांकि सरफराज के रिकॉर्ड को देखें तो वह CSK के मिडिल ऑर्डर में अहम साबित हो सकते हैं। वह स्पिन को अच्छे से खेलते हैं। साथ ही उन्होंने अपना स्ट्राइक रेट भी बेहतर कर लिया है। जून 2025 से टी20 में वह हर 2.89वीं गेंद पर बाउंड्री लगा रहे हैं। इसका मतलब है कि सरफराज हर बाउंड्री के लिए तीन से भी कम गेंद खेल रहे हैं। इस अवधि में कम से कम 50 बाउंड्री लगाने वाले बल्लेबाज, जो IPL 2026 में उतर रहे हैं, उनमें सरफराज का बॉल पर बाउंड्री रेशियो सबसे बेहतर है। अब देखना होगा कि CSK मैनेजमेंट उन्हें प्लेइंग-XI में फिट कर पाती है या नहीं। 

 

यह भी पढ़ें: आकिब नबी से अशोक शर्मा तक... IPL 2026 में कहर बरपा सकते हैं ये 5 अनकैप्ड पेसर

CSK की संभावित प्लेइंग-XI: संजू सैमसन, आयुष म्हात्रे, ऋतुराज गायकवाड़ (कप्तान), डेवाल्ड ब्रेविस, शिवम दुबे, कार्तिक शर्मा, प्रशांत वीर, महेंद्र सिंह धोनी (विकेटकीपर), खलील अहमद, नूर अहमद, मैट हेनरी/अकील हुसैन

 

इम्पैक्ट प्लेयर - जेमी ओवरटन/रामकृष्ण घोष