रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने लगातार दूसरी बार IPL चैंपियन बन इतिहास रच दिया है। कभी 17 साल तक ट्रॉफी के लिए तरसती रही RCB ने बैक टू बैक खिताब जीत चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) और मुंबई इंडियंस (MI) के क्लब में जगह बना ली है। रविवार (31 मई) को अहमदाबाद में खेले गए फाइनल मुकाबले में RCB ने गुजरात टाइटंस (GT) को रौंद IPL 2026 ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया है। RCB की इस एकतरफा जीत के हीरो विराट कोहली रहे, जिनकी अर्धशतकीय पारी की मदद से टीम ने 156 रन के टारगेट को 18 ओवर में 5 विकेट खोकर आसानी से हासिल कर लिया।
फाइनल में गरजा कोहली का बल्ला
रन चेज में कोहली और वेंकटेश अय्यर ने RCB को धुआंधार शुरुआत दिलाई। दोनों ने महज 3.3 ओवर में RCB को 50 के पार पहुंचा दिया। यह IPL फाइनल के इतिहास में किसी टीम का सबसे तेज अर्धशतक रहा। वेंकटेश 16 गेंद में 32 रन की इम्पैक्टफुल पारी खेलकर आउट हुए। उनके जाने के बाद देवदत्त पडिक्कल (1), रजत पाटीदार (15) और क्रुणाल पंड्या (1) सस्ते में चलते बने लेकिन कोहली ने एक छोर से मोर्चा संभाले रखा। उन्होंने 25 गेंद में फिफ्टी पूरी की। यह उनके IPL करियर का सबसे तेज पचासा रहा। कोहली अर्धशतक जड़ने के बाद भी डटे रहे और GT को वापसी का कोई मौका नहीं दिया।
यह भी पढ़ें: 19 साल में पहली बार... 25 गेंद में फिफ्टी ठोक विराट कोहली ने रचा इतिहास
कोहली ने टिम डेविड (24) के साथ मिलकर RCB को जीत के करीब पहुंचाया और फिर लगातार गेंदों पर चौका और छक्का जड़ स्टाइल में मैच फिनिश किया। वह 42 गेंद में 75 रन बनाकर नाबाद रहे, जिसमें 9 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। जितेश शर्मा 14 गेंद में 11 रन बनाकर नाबाद लौटे। GT की ओर से राशिद खान ने 2 विकेट लिए। मोहम्मद सिराज, कैगिसो रबाडा और अरशद खान को एक-एक सफलता मिली।
यह भी पढ़ें: IPL फाइनल में बेईमानी पर उतरी RCB, चोरी पकड़े जाने पर अंपायर से भिड़े पाटीदार
फेल हुए गिल-सुदर्शन
टॉस गंवाकर पहले बैटिंग करने उतरी GT की शुरुआत बेहद खराब रही। उसने 4 ओवर के अंदर अपने दोनों सलामी बल्लेबाजों शुभमन गिल (10) और साई सुदर्शन (12) के विकेट गंवा दिए। गिल और सुदर्शन दोनों मौजूदा सीजन में 700 से ज्यादा रन बना चुके थे और GT की सफलता काफी हद तक उन्हीं पर निर्भर थी। मगर फाइनल में वे एक साथ फेल हो गए, जिससे GT बड़े स्कोर तक नहीं पहुंच सकी। वॉशिंगटन सुंदर ने 37 गेंद में नाबाद 50 रन की पारी खेल मेजबान टीम को लड़ने लायक स्कोर तक पहुंचाया लेकिन यह नाकाफी साबित हुआ। RCB की ओर से रसिख सलाम डार ने सबसे ज्यादा 3 विकेट लिए। भुवनेश्वर कुमार और जोश हेजलवुड ने 2-2 विकेट झटके। क्रुणाल पंड्या के खाते में 1 विकेट रहा।
