इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के 66वें मुकाबले में आज (21 मई) गुजरात टाइटंस (GT) और चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) का आमना-सामना होना है। दोनों टीमें शाम 7:30 बजे से अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में टकराएंगी। GT प्लेऑफ में पहुंच चुकी है और अब उसकी नजरें टॉप-2 में फिनिश करने पर है। वहीं CSK की बस सांसें चल रही हैं।
CSK आज जीत भी जाती है तो 14 पॉइंट्स तक ही पहुंच पाएगी, जो टॉप-4 में फिनिश करने के लिए काफी नहीं होंगे। GT के खिलाफ जीत के बाद उसे दुआ करनी होगी कि पंजाब किंग्स, कोलकाता नाइट राइडर्स और राजस्थान रॉयल्स अपने बचे हुए मुकाबले हार जाएं। साथ ही DC को चमत्कारिक जीत हासिल नहीं करे, तभी उसके लिए बात बन पाएगी।
यह भी पढ़ें: गुरनूर, सुथार, हर्ष और प्रिंस... भारतीय टीम तक कैसे पहुंचे 4 गुमनाम चेहरे?
GT का गेम खराब करेगी CSK?
CSK ने पिछले सीजन के अपने आखिरी लीग स्टेज मैच में GT को 83 रन से हरा दिया था। वह मुकाबला अहमदाबाद में ही खेला गया था। CSK से मिली करारी हार के कारण GT टॉप-2 से बाहर हो गई और उसे क्वालिफायर नहीं, बल्कि एलिमिनेटर खेलना पड़ा। एलिमिनेटर में शुभमन गिल की कप्तानी वाली टीम का सामना मुंबई इंडियंस (MI) से हुआ। MI ने बड़ा स्कोर खड़ा कर GT को फाइनल की रेस से बाहर दिया था।
ऋतुराज गायकवाड़ की कप्तानी वाली CSK के पास आज भी GT का गेम खराब करने का मौका है। अगर CSK जीत दर्ज करती है तो उसकी प्लेऑफ की उम्मीदें कायम तो रहेंगी ही, साथ ही वह GT को 16 पॉइंट्स पर ही रोक देगी, जिससे सनराइजर्स हैदराबाद के पास नंबर-2 पर जाने का मौका होगा।
यह भी पढ़ें: KKR ने मुंबई इंडियंस को 4 विकेट से हराया, रोमांचक हुई प्लेऑफ की रेस
कैसा खेलेगी अहमदाबाद पिच?
GT और CSK की टक्कर नरेंद्र मोदी स्टेडियम की पिंच नंबर-7 पर होगी। मौजूदा सीजन में इस पिच का इस्तेमाल एक बार हुआ है। 4 अप्रैल को हुए उस मुकाबले में 414 रन बने थे। राजस्थान रॉयल्स ने 210 रन का स्कोर खड़ा किया था, जिसके जवाब में GT 204 रन तक पहुंच गई थी। आज भी रनों की बारिश होने की संभावना है।
दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-XII:
गुजरात टाइटंस - शुभमन गिल (कप्तान), साई सुदर्शन, जोस बटलर (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, निशांत सिंधु, जेसन होल्डर, राहुल तेवतिया, राशिद खान, कैगिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, अरशद खान
चेन्नई सुपर किंग्स - ऋतुराज गायकवाड़ (कप्तान), संजू सैमसन (विकेटकीपर), उर्विल पटेल, कार्तिक शर्मा, डेवाल्ड ब्रेविस, शिवम दुबे, प्रशांत वीर, अकील हुसैन, अंशुल कम्बोज, नूर अहमद, स्पेंसर जॉनसन, मुकेश चौधरी
