पंजाब किंग्स (PBKS) की टीम ट्रैक से उतरती दिख रही है। लगातार 6 जीत के साथ इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 की शुरुआत करने वाली PBKS को बैक टू बैक दूसरे मैच में हार का सामना करना पड़ा है। 28 अप्रैल को न्यू चंडीगढ़ में श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली टीम राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 222 रन डिफेंड करने में असफल रही थी। इसके बाद अब उसे गुजरात टाइटंस (GT) के हाथों शिकस्त झेलनी पड़ी है।

 

रविवार (3 मई) को अहदाबाद में खेले गए इस मुकाबले से पहले PBKS को जीत का प्रबल दावेदार माना जा रहा था लेकिन GT ने सबको चौंका दिया। GT ने अपने घरेलू मैदान पर टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने का फैसला किया और फिर PBKS को 163 रन पर रोक 4 विकेट से जीत हासिल की। शुभमन गिल की कप्तानी वाली टीम इस सफल रन चेज के दौरान आखिरी ओवरों में फंस गई थी लेकिन वॉशिंगटन सुंदर (23 गेंद नाबाद 40 रन) ने एक छोर पर खड़े रहकर उसे जीत की दहलीज तक पहुंचा दिया।

 

यह भी पढ़ें: टारगेट चेज करते हुए फिर जीत गई गुजरात टाइटंस, IPL 2026 में अपने नाम किए 5 मैच

PBKS ने चहल से डलवाया सिर्फ 1 ओवर

मुकाबले में पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर PBKS ने 47 रन तक पहुंचते-पहुंचते 5 विकेट खो दिए थे। नंबर-6 पर उतरे सूर्यांश शेडगे ने 29 गेंद में 3 चौके और 5 छक्के उड़ाते हुए 57 रन ठोक उसे शुरुआती झटकों से उबारा। वहीं मार्कस स्टोइनिस (31 गेंद में 40 रन) और मार्को यानसन (11 गेंद में 20 रन) ने उपयोगी योगदान देकर PBKS को लड़ने लायक स्कोर तक पहुंचाया। GT की ओर से जेसन होल्डर ने घातक गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 24 रन देकर 4 विकेट झटके। मोहम्मद सिराज और कैगिसो रबाडा के खाते में 2-2 विकेट रहे, जबकि राशिद खान ने 1 विकेट चटकाया। 

 

पिच से तेज गेंदबाजों को मिल रही मिल रही मदद को देखते हुए 160 प्लस टोटल को अच्छा माना जा रहा था। PBKS के पास नई गेंद के साथ मुकाबले पर पकड़ बनाने का मौका था लेकिन वह पावरप्ले में 1 ही विकेट ले पाई। इस दौरान गुजरात टाइटंस ने 58 रन बटोर लिए। अब उम्मीद की जा रही थी कि PBKS युजवेंद्र चहल को अटैक पर लगाएगी और रन गति पर लगाम लगाने की कोशिश करेगी लेकिन श्रेयस ने 13 ओवर तक इस लेग स्पिन ग्रैंडमास्टर को गेंद नहीं थमाई। उन्होंने चहल को 14वें ओवर में गेंदबाजी के लिए बुलाया। इस समय तक GT रन चेज में पूरी तरह से कंट्रोल में नजर आ रही थी और फिर उसने चहल के ओवर में 13 रन बटोरकर जीत की कदम बढ़ दिए। श्रेयस ने इसके बाद चहल से बॉलिंग नहीं करवाई। 

 

यह भी पढ़ें: 'ऋषभ पंत फॉर्म में आने से बस एक पारी दूर...' LSG कोच का अजीबोगरीब बयान

PBKS का प्लान गया बेकार

श्रेयस ने इसके बाद लगातार तेज गेंदबाजों के साथ अटैक किया। हालांकि GT ने उन्हें कोई मौका नहीं दिया और आखिरी ओवर में 11 रन की जरूरत होने के बावजूद 1 गेंद शेष रहते ही जीत हासिल कर ली। PBKS ने इस मुकाबले में तेज गेंदबाजों से 18.5 ओवर डलवाए, फिर भी उसे जीत नसीब नहीं हुई। इससे पहले 2008 में PBKS (तब किंग्स XI पंजाब) ने मोहाली में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ इसी तरह का प्लान अपनाया था, जहां उसने तेज गेंदबाजों से 19 ओवर डलवाए थे और 178 रन के टोटल को डिफेंड करते हुए 9 रन से जीत दर्ज की थी।