इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में पिछले सीजन आठवें स्थान पर रही कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। IPL 2026 के ऑक्शन में बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को खरीदने के बाद KKR को भारी विरोध का सामना करना पड़ा था। मामला तूल पकड़ने पर उसे BCCI ने निर्देश दिया, जिसके बाद इस फ्रेंचाइजी ने मुस्तफिजुर को रिलीज कर दिया। मुस्तफिजुर के लिए KKR ने 9.20 करोड़ रुपये की बोली लगाई थी।

 

मुस्तफिजुर को रिलीज करने से उसे एक विदेशी तेज गेंदबाज का नुकसान हुआ। KKR इस झटके से उबरी भी नहीं थी कि उसके दो प्रमुख तेज गेंदबाज हर्षित राणा और मथीशा पथिराना चोटिल हो गए। हर्षित को घुटने की सर्जरी से गुजरना पड़ा। उनका पूरे सीजन से बाहर रहना तय माना जा रहा है। वहीं पथिराना कितने मैचों के लिए उपलब्ध रहेंगे, इस पर अभी कोई अपडेट नहीं है। KKR को अब मुस्तफिजुर के रिप्लेसमेंट के रूप में जुड़े ब्लेसिंग मुजारबानी से उम्मीदें रहेंगी, जिनका टी20 वर्ल्ड कप 2026 बेहतरीन गया था।

 

यह भी पढ़ें: ईशान किशन बने SRH के कप्तान, IPL इतिहास में दूसरी बार दिखेगा यह नजारा

रहाणे को कप्तान बनाने पर उठे सवाल

तीन बार की चैंपियन KKR ने अनुभवी बल्लेबाज रहाणे को इस सीजन के लिए भी कप्तान बनाया है। रहाणे ने पिछले सीजन टीम की कमान संभाली थी लेकिन उनकी अगुवाई में KKR कुछ खास नहीं कर पाई। वह 14 में से 5 ही मैच जीत पाई। वहीं उसके दो मुकाबले बारिश में धुल गए थे। KKR की टीम में रहाणे की जगह को लेकर पहले से ही सवाल उठ रहे थे। अब फिर से कप्तान बनाए जाने पर लोगों का कहना है कि इस बार KKR प्लेऑफ में नहीं पहुंच पाएगी।

 

सोशल मीडिया यूजर्स का मानना है कि रहाणे मॉडर्न-डे टी20 टीम में फिट नहीं बैठते। उनकी प्लेइंग-XI में जगह नहीं बनती। उन्हें कप्तान बनाने से टीम को पिछले सीजन की तरह नुकसान होगा। लोगों का कहना है कि ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन को कप्तानी दी जानी चाहिए थे, जिसके लिए इस फ्रेंचाइजी ने 25.20 करोड़ रुपये खर्च किए थे।

 

यह भी पढ़ें: थॉमस और उबेर कप में भारत को मिला मुश्किल ड्रॉ, BWF ने चीन के ग्रुप में दी जगह

KKR को बचाएंगे ऑलराउंडर?

आंद्रे रसेल के संन्यास लेने के बाद KKR ने उनकी कमी को पूरा करने के लिए ग्रीन पर बड़ी बोली लगाई। उसके पास सुनील नारायण और रमनदीप सिंह पहले से ही हैं। इसके अलावा KKR ने फॉर्म चल रहे अनुकूल रॉय और रचिन रवींद्र को फिर से अपने साथ जोड़ अपने ऑलराउंडर्स के पूल को मजबूत किया। इनमें से रचिन को छोड़ सभी शुरुआती प्लेइंग-XI में नजर आएंगे, जिन पर KKR को प्लेऑफ में पहुंचाने की जिम्मेदारी रहेगी। अगर ये ऑलराउंडर्स नहीं चलते हैं तो इस टीम का लीग स्टेज से आगे बढ़ना मुश्किल होगा।

 
KKR की संभावित प्लेइंग-XI: फिन एलन, अजिंक्य रहाणे (कप्तान), अंगकृष रघुवंशी, कैमरन ग्रीन, रिंकू सिंह, रमनदीप सिंह, सुनील नारायण, अनुकूल रॉय, ब्लेसिंग मुजारबानी, वरुण चक्रवर्ती, वैभव अरोड़ा

 

KKR का फुल स्क्वॉड: अजिंक्य रहाणे (कप्तान), फिन एलन, टिम साइफर्ट, तेजस्वी दाहिया, मनीष पांडे, रोवमन पॉवेल, अंगकृष रघुवंशी, सार्थक रंजन, रमनदीप सिंह, रिंकू सिंह, राहुल त्रिपाठी, दक्ष कामरा, कैमरन ग्रीन, सुनील नारायण, रचिन रवींद्र, अनुकूल रॉय, आकाश दीप, वैभव अरोड़ा, हर्षित राणा, कार्तिक त्यागी, ब्लेसिंग मुजारबानी, मथीशा पथिराना, प्रशांत सोलंकी, उमरान मलिक, वरुण चक्रवर्ती