इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 की शुरुआत 28 मार्च से होने जा रही है। उद्घाटन मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के बीच खेला जाना है। RCB अपने टाइटल को डिफेंड करने उतर रही है। उसने पिछले साल खिताबी सूखे को खत्म किया था। RCB ने अपने कोर का बरकरार रखा है। 

 

RCB ने मिनी ऑक्शन में वेंकटेश अय्यर, जैकब डफी और जॉर्डन कॉक्स जैसे स्टार खिलाड़ियों पर दांव लगाकर अपने स्क्वॉड को मजबूती दी। इसके अलावा फ्रेंचाइजी ने मंगेश यादव जैसे अनकैप्ड ऑलराउंडर पर 5.20 करोड़ रुपये लुटा दिए। मध्य प्रदेश के मंगेश ने अब तक सिर्फ 3 लिस्ट-ए और 2 ही टी20 मुकाबले खेले हैं लेकिन उन्हें RCB का तुरुप का इक्का माना जा रहा है।

 

यह भी पढ़ें: हार्दिक-रोहित-सूर्या सबकी फॉर्म गायब, कैसे जीतेगी मुंबई इंडियंस?

जैकब बेथेल से भी आगे खेलेंगे मंगेश

22 साल के जैकब बेथेल ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में भारत के खिलाफ शतक ठोक सुर्खियां बटोरी थी। इंग्लैंड के इस उभरते स्टार ने 254 रन के चेज में 48 गेंद में 105 रन की पारी खेल लगभग भारत से मुकाबला छीन लिया था। अब IPL में उनका जलवा देखने के लिए फैंस बेताब हैं। हालांकि बेथेल को RCB की प्लेइंग-XI में जगह मिलना मुश्किल है, क्योंकि टीम में पहले से ही विराट कोहली, फिल सॉल्ट, रजत पाटीदार, जितेश शर्मा, टिम डेविड और रोमारियो शेफर्ड जैसे बिग हिटर हैं। 

 

बेथेल को मौका तभी मिलेगा, जब टिम डेविड या रोमारियो शेफर्ड में से किसी एक को बाहर रखा जाएगा। फिल सॉल्ट और जोश हेजलवुड को RCB नियमित रूप से प्लेइंग-XI में रखना चाहेगी। हेजलवुड को तेज गेंदबाजी युनिट में अनुभवी भुवनेश्वर कुमार, मंगेश का साथ मिलेगा। बाएं हाथ के तेज गेंदबाज मंगेश डेथ ओवर्स में सटीक यॉर्कर डालने में माहिर हैं। यश दयाल पिछले सीजन के फाइनल के बाद से प्रतिस्पर्धी क्रिकेट से दूर हैं। ऐसे में मंगेश सीधे प्लेइंग-XI में एंट्री हो सकती है या फिर उन्हें इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर इस्तेमाल किया जा सकता है।

 

यह भी पढ़ें: रिटायर नहीं होना चाहते थे सचिन, BCCI ने मजबूर किया, Ex-सेलेक्टर का बड़ा खुलासा!

कौन हैं मंगेश यादव?

23 साल मंगेश ने मध्य प्रदेश टी20 लीग में अपनी कातिलाना गेंदबाजी से पहचान बनाई है। उन्होंने इस लीग में 6 मैचों में 14 विकेट झटके, जिसके बाद वह रजत पाटीदार की नजरों में आ गए और फिर ऑक्शन में RCB ने उन पर पैसों की बारिश कर दी। मंगेश के लिए SRH भी बिडिंग वॉर में थी लेकिन आखिर RCB ने ही बाजी मारी। मंगेश लोअर ऑर्डर में बल्ले से भी कमाल करने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में पंजाब के खिलाफ आठवें नंबर पर आकर 12 गेंद में नाबाद 28 रन ठोके थे।  

 

RCB की संभावित प्लेइंग-XI: विराट कोहली, फिल सॉल्ट, रजत पाटीदार (कप्तान), देवदत्त पडिक्कल, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), टिम डेविड/जैकब बेथेल, क्रुणाल पंड्या, रोमारियो शेफर्ड, भुवनेश्वर कुमार, जोश हेजलवुड, यश दयाल

 

इम्पैक्ट प्लेयर: मंगेश यादव