मयंक यादव ने अपने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) करियर की जबरदस्त शुरुआत की थी। उन्होंने 2024 सीजन में पंजाब किंग्स के खिलाफ डेब्यू करते हुए 27 रन देकर 3 विकेट झटके थे। अगले मुकाबले में उन्होंने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बल्लेबाजों को चौंकाया। मयंक ने एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में 4 ओवर में सिर्फ 14 रन खर्चे और 3 विकेट चटकाए और लगातार दूसरे मैच में प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड जीता। इसके बाद मयंक चोट के चलते दो ही मैच खेल पाए। उन्हें लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) ने IPL 2025 के लिए 11 करोड़ रुपये में रिटेन किया।

 

LSG को मयंक से काफी उम्मीदें थीं लेकिन वह एक बार फिर चोटिल हो गए। 2025 सीजन में मयंक दो ही मैच खेल पाए और बाहर हो गए। चोटों से परेशान इस एक्सप्रेस तेज गेंदबाज को LSG ने IPL 2026 के लिए भी अपनी टीम में बरकरार रखा है। मयंक करियर खत्म करने वाली चोट से उबरकर वापसी करने के लिए तैयार हैं। वह BCCI के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) में रिहैबिलिटेशन पूरा कर LSG से जुड़े गए हैं। अब देखना है कि वह LSG के भरोसे पर खरा उतर पाते हैं या नहीं।

 

यह भी पढ़ें: हर तीसरी गेंद पर बाउंड्री, SMAT में ठोकी सेंचुरी, सरफराज को मौका देगी CSK?

बुमराह ने मयंक को दिए टिप्स

मयंक ने IPL 2026 से पहले बताया है कि उन्हें CoE में बुमराह ने टिप्स दिए। उन्होंने कहा कि 'बुमराह भैया' मेरे लिए टीचर जैसे हैं। मयंक ने जियोस्टार के एक शो में कहा, 'सर्जरी के बाद मेरे लिए सब कुछ बदल गया है। पहले मैं खुद का ख्याल नहीं रखता था। रिकवरी सेशन से बचता था और कई चीजों को नजरअंदाज करता था लेकिन अब मैं रिकवरी, न्यूट्रिशन और नींद पर काफी ध्यान देता हूं। जितना मैं अपने शरीर का सम्मान करता हूं, उतना ही मेरा शरीर मैदान पर मेरा साथ देता है।'

 

मयंक ने आगे बताया कि वह बुमराह से मिले थे। मयंक ने कहा, 'जब मैं NCA (CoE) में चोट से उबर रहा था, तब बुमराह भैया भी वहां थे। उनके साथ मेरा अच्छा तालमेल है। वह मेरे लिए एक शिक्षक जैसे हैं। उनकी स्थिति भी मेरी जैसी ही थी।' 

 

उन्होंने आगे कहा, 'बुमराह भैया ने सर्जरी के बाद वापसी करने और किन चीजों पर ध्यान देना चाहिए, इस बारे में अपना अनुभव शेयर किया। उन्होंने बताया कि रिकवरी के दौरान शरीर कैसा महसूस करेगा और इस समय का सामना कैसे करना है। हम जब भी फोन या मैसेज पर बात करते हैं, वह अपनी सीख मेरे साथ शेयर करते हैं।'

 

यह भी पढ़ें: 'रात में आईसक्रीम...' जितेश शर्मा ने वैभव सूर्यवंशी का कौन सा बड़ा राज खोल दिया?

लखनऊ सुपर जायंट्स का फुल स्क्वॉड: ऋषभ पंत (कप्तान), मिचेल मार्श, एडन मारक्रम, निकोलस पूरन, आयुष बदोनी, अब्दुल समद, शाहबाज अहमद, मोहम्मद शमी, आवेश खान, मयंक यादव, मोहसिन खान, दिग्वेश राठी, मैथ्यू ब्रीत्जके, हिम्मत सिंह, अर्शिन कुलकर्णी, प्रिंस यादव, एम सिद्धार्थ, आकाश सिंह, अर्जुन तेंदुलकर, जोश इंग्लिस, मुकुल चौधरी, अक्षत रघुवंशी, एनरिक नॉर्खिया, वानिंदु हसरंगा, नमन तिवारी