इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 का 54वां मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और मुंबई इंडियंस (MI) के बीच खेला गया। रविवार (10) को रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में RCB ने 2 विकेट से रोमांचक जीत दर्ज की। टॉस गंवाकर पहले बैटिंग करने उतरी MI ने 7 विकेट के नुकसान पर 166 रन का स्कोर खड़ा किया था, जिसे RCB ने 20 ओवर में 8 विकेट खोकर हासिल कर लिया। यह मुकाबला आखिरी गेंद तक चला, जिसमें RCB ने बाजी मार पॉइंट्स टेबल में टॉप पर कब्जा जमा लिया है। वहीं MI की बची-खुची उम्मीदें समाप्त हो गई हैं।
भुवनेश्वर कुमार ने पलट दी बाजी
RCB ने लक्ष्य का पीछा करते हुए पावरप्ले के अंदर विराट कोहली (0), देवदत्त पडिक्कल (12) और कप्तान रजत पाटीदार (8) के विकेट गंवा दिए थे। नंबर-5 पर प्रमोट किए गए क्रुणाल पंड्या ने एक छोर संभाला और 46 गेंद में 73 रन की पारी खेल RCB को मुकाबले में बनाए रखा। वह 18वें ओवर की आखिरी गेंद पर आउट हुए। इस समय RCB को 12 गेंद में 18 रन की जरूरत थी। 19वां ओवर लेकर आए जसप्रीत बुमराह ने सिर्फ 3 रन दिए और MI को मुकाबले में आगे कर दिया। अब RCB को आखिरी ओवर में 15 रन बनाने थे।
युवा खिलाड़ी राज अंगद बावा ने 20वें ओवर की शुरुआत वाइड और नो-बॉल के साथ की। हालांकि उन्होंने रोमारियो शेफर्ड को बड़ा शॉट नहीं लगाने दिया। राज अंगद बावा ने तीसरी गेंद पर शेफर्ड को आउट कर MI की जीत की उम्मीदें जगाईं लेकिन भुवनेश्वर कुमार ने आते ही छक्का लगाकर बाजी पलट दी। भुवनेश्वर ने पांचवीं गेंद पर सिंगल लिया। RCB को अंतिम गेंद पर 2 रन चाहिए थे। रसिख सलाम डार ने फुल गेंद को वापस बॉलर के पास खेला, जिसे राज अंगद बावा पकड़ नहीं पाए और गेंद लॉन्ग ऑन की ओर लुढ़कते हुए गई। जब तक इसे फील्ड किया जाता और कीपर के पास थ्रो किया जाता, तब तक भुवनेश्वर और रसिख ने भागकर 2 रन चुरा लिए और RCB को रोमांचक जीत दिला दी।
यह भी पढ़ें: विराट कोहली के पीछे पड़ा 2022 वाला भूत, लगातार दूसरे मैच में नहीं खुला खाता
ऐसी रही MI की पारी
पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर MI ने खराब शुरुआत की। फॉर्म में चल रहे रायन रिकलटन (2) पहले ही ओवर में भुवनेश्वर कुमार का शिकार बन गए। इसके बाद रोहित शर्मा ने कुछ बड़े शॉट खेले लेकिन वह भी ज्यादा देर तक नहीं टिक पाए। उन्हें भी भुवनेश्वर ने चलता किया। रोहित 10 गेंद में दो चौके और दो छक्कों की मदद से 22 रन बनाकर पवेलियन लौटे। भुवनेश्वर ने अगली गेंद पर सूर्यकुमार यादव का विकेट झटक MI के टॉप ऑर्डर को झकझोर दिया।
यह भी पढ़ें: 'खराब फील्डिंग के चलते हारे...' IPL 2026 से बाहर होने पर छलका ऋषभ पंत का दर्द
MI 28 रन पर 3 विकेट गंवा चुकी थी। यहां से नमन धीर और तिलक वर्मा ने मोर्चा संभाला और चौथे विकेट के लिए 82 रन की साझेदारी कर MI को शुरुआती झटके से उबारा। नमन धीर 32 गेंद में 47 रन की अच्छी पारी खेलकर आउट हुए। उनके जाने के बाद MI की पारी धीमी पड़ गई लेकिन तिलक वर्मा ने अंत तक खड़े रहकर टीम को लड़ने लायक स्कोर तक पहुंचा दिया। तिलक ने 42 गेंद में 57 रन बनाए, जिसमें 3 चौके और 2 छक्के शामिल रहे। हालांकि उनकी मेहनत बेकार चली गई।
