इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के पिछले 18 सीजन में पंजाब किंग्स (PBKS) एक ऐसी टीम रही है जो अक्सर कागज पर मजबूत दिखी लेकिन मैदान पर उम्मीदों के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाई। हालांकि, IPL 2026 की कहानी पूरी तरह बदली हुई नजर आ रही है। इस सीजन में पंजाब किंग्स न केवल मैच जीत रही है, बल्कि विपक्षी टीमों को एकतरफा अंदाज में मात दे रही है। 6 मैचों में अजेय रहने के साथ ही श्रेयस अय्यर की सेना ने अंक तालिका के शिखर पर कब्जा जमा लिया है, जिससे फैंस और क्रिकेट पंडित यह पूछने पर मजबूर हो गए हैं कि आखिर पंजाब की इस कायापलट का राज क्या है?

 

PBKS ने IPL 2026 में अब तक छह मैच खेले हैं। उन्होंने इन छह मैचों में से पांच जीते हैं, जबकि एक मैच बारिश की वजह से रद्द हो गया था। इस खबर को लिखते समय PBKS 11 पॉइंट्स और +1.420 के नेट रन रेट के साथ पॉइंट्स टेबल में सबसे ऊपर है। इस सीजन में अब तक न तो RCB और न ही राजस्थान रॉयल्स (RR) ने PBKS जैसा परफॉर्म किया है।

 

यह भी पढ़ें: 7 मैच में 1 जीत के बावजूद जिंदा हैं KKR की प्लेऑफ की उम्मीदें, समझिए पूरा समीकरण

 

इस बदलाव की सबसे बड़ी वजह टीम मैनेजमेंट का वह विजन है, जो मेगा ऑक्शन के दौरान साफ दिखाई दिया था। कप्तान श्रेयस अय्यर और हेड कोच रिकी पोंटिंग की जोड़ी ने टीम के ड्रेसिंग रूम का माहौल पूरी तरह बदल दिया है। टीम अब केवल डिफेंसिव होकर खेलने के बजाय विपक्षी खेमे पर पहले ओवर से ही हमला बोल रही है। लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ हालिया मैच में 254 रनों का विशाल स्कोर खड़ा करना इस बात का प्रमाण है कि यह टीम अब किसी भी गेंदबाजी आक्रमण को ध्वस्त करने का माद्दा रखती है।

टॉप ऑर्डर ने संभाली बैटिंग की कमान

पंजाब की जीत का दूसरा बड़ा राज उनके युवा खिलाड़ियों का बेखौफ खेल है। प्रियांश आर्य जिस तरह से ताबड़तोड़ बल्लेबाजी कर रहे हैं, उससे टॉप ऑर्डर में शिखर धवन की कमी बिल्कुल महसूस नहीं हो रही। वहीं प्रभसिमरन सिंह भी ओपनिंग की जिम्मेदारी को शानदार तरीके से संभाल रहे हैं। दूसरी तरफ ऑस्ट्रेलिया के युवा ऑलराउंडर कूपर कोनोली ने अपनी दमदार फिनिशिंग। इन युवाओं के आउट होने के बाद श्रेयस अय्यर भी बल्ले से जमकर रन बना रहे हैं। फिर जैसे ही मार्कस स्टोइनिस क्रीज पर आते हैं, आते ही गेंदबाजों पर टूट पड़ते हैं।

 

यह भी पढ़ें: CSK के लिए IPL 2026 प्लेऑफ में एंट्री मुश्किल? जानें कैसे बना सकती है जगह

 

PBKS ने अब तक जितने भी मैच जीते हैं, उनमें सबसे ज्यादा बार बल्लेबाजों को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया है। इनमें सबसे ज्यादा अवॉर्ड प्रियांश आर्य को मिला है।

 

मैच विपक्षी टीम परिणाम प्लेयर ऑफ द मैच
मैच 4 गुजरात टाइटंस 3 विकेट से जीता
कूपर कोनोली
मैच 7 चेन्नई सुपर किंग्स 5 विकेट से जीता
प्रियांश आर्य
मैच 17 सनराइजर्स हैदराबाद 6 विकेट से जीता
श्रेयस अय्यर
मैच 24 मुंबई इंडियंस 7 विकेट से जीता
अर्शदीप सिंह
मैच 29 लखनऊ सुपर जायंट्स 54 रन से जीता जीते
प्रियांश आर्य

गेंदबाजी विभाग भी है जबरदस्त

सिर्फ बल्लेबाजी ही नहीं, PBKS की गेंदबाजी इस बार उनकी सबसे बड़ी ताकत बनकर उभरी है। अर्शदीप सिंह अपनी यॉर्कर और स्विंग से पावरप्ले और डेथ ओवर्स में विकेट निकाल रहे हैं, जबकि अनुभवी स्पिनर युजवेंद्र चहल मिडिल ओवर्स में बल्लेबाजों को अपनी फिरकी के जाल में फंसा रहे हैं। मार्को जानसन की अतिरिक्त उछाल और गति ने गेंदबाजी आक्रमण को और अधिक विविधता प्रदान की है। यही कारण है कि छोटे लक्ष्य का बचाव करना टीम के लिए आसान होता जा रहा है।