हार्दिक पंड्या और अर्शदीप सिंह की ट्रेड डील के बाद भी IPL का ट्रेड मार्केट गर्म है। 17 नवंबर की रिटेंशन डेडलाइन से पहले कई और खिलाड़ियों की टीम बदलने की चर्चा ने जोर पकड़ा हुआ है। इनमें राजस्थान रॉयल्स (RR) के ओपनिंग बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल और दिल्ली कैपिटल्स (DC) के कप्तान अक्षर पटेल जैसे बड़े नाम शामिल हैं।

 

इसके अलावा दिल्ली के बल्लेबाज आशुतोष शर्मा को लेकर भी गुजरात टाइटंस (GT) और लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) की दिलचस्पी की खबरें सामने आई हैं। हालांकि, अभी तक इन खिलाड़ियों की ट्रेड डील की कोई भी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

यशस्वी जायसवाल को लखनऊ में लाने की चर्चा

राजस्थान रॉयल्स (RR) के ओपनर यशस्वी जायसवाल को लेकर लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के साथ ट्रेड की चर्चा है। रिपोर्ट्स के अनुसार, लखनऊ की टीम जायसवाल को अपनी टीम में शामिल करना चाहती है। वहीं, राजस्थान इसके बदले तेज गेंदबाजों की मांग कर सकती है।

 

यह भी पढ़ें: 'श्रेयस अय्यर मेरे कप्तान...', ट्रेड डील के बाद बोले हार्दिक पंड्या

 

रिपोर्ट्स के मुताबिक राजस्थान की नजर मोहसिन खान या प्रिंस यादव जैसे शानदार तेज गेंदबाजों पर है। राजस्थान अपनी गेंदबाजी को मजबूत करना चाहती है। वहीं, लखनऊ को अपनी बल्लेबाजी में एक मजबूत खिलाड़ी की जरूरत है। इसी वजह से यह संभावित ट्रेड अभी-भी चर्चा में बनी हुई है। हालांकि, दोनों टीमों के बीच किसी डील पर सहमति बनने की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

क्या अक्षर पटेल को लेकर CSK में कोई दिलचस्पी?

दिल्ली कैपिटल्स (DC) के ऑलराउंडर अक्षर पटेल का नाम भी ट्रेड मार्केट में चर्चा में है। उन्हें चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) में शामिल किए जाने की अटकलें लगाई जा रही हैं। दरअसल, हाल ही में सोशल मीडिया पर अक्षर पटेल और CSK के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ के बीच बातचीत हुई। इसके बाद से ही फैंस ने अक्षर के चेन्नई जाने की संभावना पर चर्चा शुरू कर दी।

 

यह भी पढ़ें: IPL 2027: हार्दिक बने पंजाब के 'किंग', अर्शदीप की बुमराह के साथ बनी जोड़ी

 

अक्षर बाएं हाथ से स्पिन गेंदबाजी करते हैं। इसी के साथ वह निचले क्रम में अच्छी बल्लेबाजी भी कर सकते हैं। इसी वजह से वह चेन्नई के लिए एक बेहद ही उपयोगी खिलाड़ी साबित हो सकते हैं। हालांकि, दिल्ली और चेन्नई के बीच किसी ट्रेड डील पर सहमति बनने की पक्की जानकारी नहीं है।

गुजरात या लखनऊ जाएंगे आशुतोष शर्मा?

दिल्ली कैपिटल्स (DC) के बल्लेबाज आशुतोष शर्मा का नाम भी संभावित ट्रेड की लिस्ट में है। 17 नवंबर की रिटेंशन डेडलाइन से पहले उन्हें लेकर चर्चा तेज हो गई है। Cricbuzz की रिपोर्ट के अनुसार, कुछ महीने पहले गुजरात टाइटंस (GT) ने आशुतोष को ट्रेड करने के लिए दिल्ली कैपिटल्स (DC) से संपर्क किया था। हालांकि, उस समय दिल्ली की टीम की तरफ से कोई भी जवाब नहीं दिया गया था।

 

अब गुजरात टाइटंस (GT) के साथ लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) का नाम भी इस रेस में जुड़ गया है। रिपोर्ट्स की बात करें तो, आशुतोष के बदले कोई तेज गेंदबाज दिया जा सकता है। बता दें कि आशुतोष पहले पंजाब किंग्स (PBKS) के लिए भी खेल चुके हैं। IPL 2026 में दिल्ली की टीम के लिए उन्होंने 8 मैचों में 171 रन बनाए थे। इस दौरान आशुतोष ने 180 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की थी।

स्टोइनिस, मोहसिन और प्रसिद्ध कृष्णा के नाम की भी चर्चा

इन खिलाड़ियों के अलावा कुछ और नाम भी ट्रेड मार्केट में चर्चा में हैं। इनमें मार्कस स्टोइनिस और मोहसिन खान को लेकर पंजाब किंग्स (PBKS) और लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के बीच इस संभावित ट्रेड की अटकलें काफी तेज हैं।

वहीं, गुजरात टाइटंस (GT) के तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा का नाम दिल्ली कैपिटल्स (DC) से जोड़ा जा रहा है। हालांकि, इन खिलाड़ियों को लेकर भी किसी ट्रेड डील की कोई भी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।