रेस्ट ऑफ इंडिया ने जम्मू-कश्मीर को 167 रन से हराकर ईरानी कप जीत ली है। ऋषभ पंत की कप्तानी वाली रेस्ट ऑफ इंडिया की टीम ने जम्मू-कश्मीर के सामने 279 रन का टारगेट रखा था, जिसके जवाब में मौजूदा रणजी चैंपियन टीम महज 111 रन पर ही ढेर हो गई। मुकेश कुमार ने धारदार गेंदबाजी करते हुए 6 विकेट चटकाए। आकाश दीप ने 3 विकेट झटके। पहली पारी में 5 विकेट झटकने वाले मुकेश चौधरी ने 1 विकेट लिया।
रन चेज में जम्मू-कश्मीर की ओर से सिर्फ कामरान इकबाल और शुभम खजूरिया ही चल सके, जिन्होंने क्रमश: 32 और 36 रन की पारियां खेली। दोनों ने 54 रन की ओपनिंग साझेदारी की। यह जोड़ी टूटते ही जम्मू-कश्मीर की पारी बिखर गई और उसने बाकी बचे 9 विकेट 57 रन जोड़ने में गंवा दिए। कप्तान पारस डोगरा खाता भी नहीं खोल सके। विकेटकीपर बल्लेबाज कन्हैया वाधवान भी 1 रन ही बना सके। IPL स्टार अब्दुल समद ने 20 रन बनाए।
यह भी पढ़ें: 'जितने बड़े मैच...' ब्राजील से हार के बाद क्या बोले भारतीय फुटबॉल टीम के कोच?
आर स्मरण ने खेली मैच विजयी पारी
श्रीनगर के शेर-ए-कश्मीर स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में जम्मू-कश्मीर ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने का फैसला किया और रेस्ट ऑफ इंडिया की पहली पारी 237 पर समेट दी। इसके बाद जम्मू-कश्मीर ने 278 रन बनाकर 41 रन की बढ़त हासिल की। रेस्ट ऑफ इंडिया की दूसरी पारी में भी अच्छी शुरुआत नहीं रही और उसकी 8 रन पर ही ओपनिंग जोड़ी टूट गई। सुदीप कुमार घरामी (33) भी 58 के कुल स्कोर पर पवेलियन लौट गए। सनत सांगवान (55) और सारांश जैन (25) ने तीसरे विकेट के लिए 70 रन की साझेदारी कर पारी संभाली लेकिन इसके बाद विकेटों की पतझड़ लग गई। देखते ही देखते रेस्ट ऑफ इंडिया का स्कोर 197/8 हो गया।
यह भी पढ़ें: जब घायल कपिल देव ने कंगारुओं का किया शिकार, भारत को दिलाई चमत्कारिक जीत
सरफराज खान खाता भी नहीं खोल सके, जबकि कप्तान ऋषभ पंत ने सिर्फ 8 रन बनाए। रेस्ट ऑफ इंडिया के पास सिर्फ 156 रन की बढ़त थी और उसकी हार तय लग रही थी लेकिन रविचंद्रन स्मरण ने मोर्चा संभाल लिया। कर्नाटक के इस युवा बल्लेबाज ने मुकेश चौधरी (11) के साथ मिलकर 9वें विकेट के लिए 113 रन की साझेदारी कर जम्मू-कश्मीर को बैकफुट पर धकेल दिया। स्मरण ने 153 गेंद में 16 चौके और 5 छक्कों की मदद से 135 रन बनाए, जिससे रेस्ट ऑफ इंडिया ने जम्मू-कश्मीर के सामने मजबूत टारगेट रखा। स्मरण ने पहली पारी में भी 68 रन बनाए थे। उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच के अवॉर्ड से नवाजा गया
