भारतीय टीम एक और टेस्ट सीरीज में जसप्रीत बुमराह के बगैर उतरेगी। सीनियर तेज गेंदबाज बुमराह घुटने की चोट से जूझ रहे हैं, जिसके चलते उन्हें श्रीलंका दौरे से बाहर होना पड़ा है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की मेडिकल टीम को उम्मीदें थीं कि वह श्रीलंका के खिलाफ दूसरे टेस्ट के लिए फिट हो जाएंगे लेकिन उनकी चोट गंभीर है। ऐसे में उनके रिप्लेसमेंट का ऐलान कर दिया गया है। अब उनकी जगह जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज आकिब नबी श्रीलंका जाएंगे। 

 

बुमराह इससे पहले अफगानिस्तान के खिलाफ एकलौते टेस्ट में भी नहीं खेले थे। इंडियन प्रीमियर लीग ( IPL ) 2026 के तुरंत बाद आयोजित हुए इस मुकाबले से उन्हें आराम दिया गया था। उनके वर्कलोड को मैनेज करने के लिए उन्हें समय-समय पर आराम दिया जाता रहा है, जिसके चलते उन्होंने कई टेस्ट मैच मिस किए हैं। अब चोट के चलते वह श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में नहीं खेलेंगे। ऐसे में आइए जानते हैं कि टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू करने के बाद से उन्होंने अब तक कितने टेस्ट मैच मिस किए हैं।

 

यह भी पढ़ें: बुमराह की चोट ने CoE को किया एक्सपोज... BCCI ने बुलाई मीटिंग, क्या होगा ऐक्शन?

पहले दो साल में मिस किए 10 टेस्ट

अनोखे बॉलिंग ऐक्शन वाले बुमराह ने अपने टेस्ट करियर की शुरुआत 2018 में साउथ अफ्रीका दौरे पर की थी। उन्होंने अपने डेब्यू सीरीज में 14 विकेट झटके। इसके बाद उन्होंने अपने टेस्ट करियर के शुरुआती दो साल में 10 मैच मिस किए। जून 2018 में अफगानिस्तान के खिलाफ घरेलू टेस्ट मैच से उन्हें आराम दिया गया था। वहीं अंगूठे की चोट के कारण वह इंग्लैंड के खिलाफ 5 मैचों की टेस्ट सीरीज के शुरुआती दो मैचों में नहीं खेल पाए थे। इसके बाद उन्हें वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज से फिर आराम दे दिया गया।

 

अगस्त-सितंबर 2019 में बुमराह ने वेस्टइंडीज दौरे पर दोनों टेस्ट मैच खेले। अब उन्हें साउथ अफ्रीका सीरीज के दौरान घरेलू टेस्ट डेब्यू करना था लेकिन पीठे के निचले हिस्से में समस्या के चलते वह पूरी सीरीज से बाहर हो गए। इसके बाद वह बांग्लादेश के खिलाफ 2 मैचों की घरेलू टेस्ट सीरीज से भी बाहर ही रहे। इस तरह उन्होंने अपने करियर के पहले दो सालों में ही 10 टेस्ट मैचों को मिस किया।

 

यह भी पढ़ें: मुक्केबाजों का कमाल, जूडो में जगी उम्मीदें; एथलेटिक्स में नीरज के अलावा और कौन?

और कब-कब नहीं खेल बुमराह?

बुमराह को 2020-21 बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के तीसरे टेस्ट के दौरान फील्डिंग करते समय चोट लग गई थी। वह गाबा में चौथा और आखिरी टेस्ट नहीं खेल पाए। इसके बाद उन्हें इंग्लैंड के खिलाफ चेन्नई टेस्ट से आराम दिया गया था। उन्होंने इस सीरीज का भी आखिरी टेस्ट मिस किया। बाद में वह न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज से भी बाहर रहे।

 

उनके लिए री-शेड्यूल बर्मिंघम टेस्ट बड़ा झटका साबित हुआ। इस मुकाबले में उन्होंने बतौर कप्तान डेब्यू किया लेकिन वह अपनी पीठ को चोटिल होने से नहीं बचा पाए। उन्हें सर्जरी से गुजरना पड़ा। मार्च 2023 में उनकी पीठ की सर्जरी हुई और उन्होंने वनडे वर्ल्ड कप के बाद दिसंबर में टेस्ट मैच खेला। इस बीच उन्होंने 9 टेस्ट मैच मिस किए। 

 

पीठ की सर्जरी से उबरने के बाद उन्होंने अगले डेढ़ साल में सिर्फ 4 टेस्ट मैच नहीं खेले। उनके वर्कलोड को मैनेज करने के लिए उन्हें न्यूजीलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज में एक-एक मैचों में आराम दिया गया। वहीं इंग्लैंड दौरे पर वह 5 में से 3 टेस्ट मैच खेले। अब घुटने की समस्या के कारण उन्होंने 3 टेस्ट मैच मिस किए हैं। कुल मुलाकर उन्होंने अपने टेस्ट करियर में अब तक 31 टेस्ट मैच मिस किए हैं।

बुमराह से मिस हुए टेस्ट मैचों की टाइमलाइन और वजह 

  • जून-अक्टूबर 2018 - 5 टेस्ट मिस किए (अंगूठे की चोट)
  • अक्टूबर-नवंबर 2019 - 5 टेस्ट मिस किए (स्ट्रेस फ्रैक्चर)
  • 2021 - 5 टेस्ट मिस किए (पेट की मांसपेशियों में खिंचाव)
  • दिसंबर 2022-जुलाई 2023 - 9 टेस्ट मिस किए (स्ट्रेस फ्रैक्चर)
  • फरवरी 2024-जुलाई 2025 - 4 टेस्ट मिस किए (वर्कलोड मैनेजमेंट)
  • जून-अगस्त 2026 - 3 टेस्ट मिस किए (बाएं घुटने की समस्या)