साउथ अफ्रीकी तेज गेंदबाज कैगिसो रबाडा ने इतिहास रच दिया है। रबाडा गेंद के हिसाब से सबसे तेज 350 टेस्ट विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए हैं। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ केपटाउन में चल रहे टेस्ट मैच के आखिरी दिन (31 अक्टूबर) यह उपलब्धि हासिल की। रबाडा ने सिर्फ 13808 गेंद में 350 टेस्ट विकेट लेने का कारनामा किया है। उन्होंने हमवतन डेल स्टेन का वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ा। स्टेन ने 14719 गेंद में 350 विकेट पूरे किए थे।

सबसे कम गेंद में 350 टेस्ट विकेट

  • कैगिसो रबाडा - 13808 गेंद
  • डेल स्टेन - 14719 गेंद
  • वकार यूनिस - 14905 गेंद
  • मैल्कम मार्शल - 16285 गेंद
  • मिचेल स्टार्क - 16908 गेंद

यह भी पढ़ें: न्यूजीलैंड के खिलाफ चौथे टी20 में हार के बाद बदलाव तय, वैभव को मिलेगा मौका?

रबाडा ने एलीट लिस्ट में बनाई जगह

अपने टेस्ट करियर का 75वां मैच खेल रहे रबाडा ने 350वां विकेट लेते ही एक खास लिस्ट में भी जगह बनाई है। वह सबसे कम टेस्ट मैचों में इस आंकड़े तक पहुंचने वाले दुनिया के दिग्गज गेंदबाजों की एलीट लिस्ट में शामिल हो गए हैं। इस मामले में सबसे आगे न्यूजीलैंड के महान ऑलराउंडर रिचर्ड हैडली और स्टेन हैं, जिन्होंने एक समान 69 टेस्ट मैचों में यह कारनामा किया था। ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज तेज गेंदबाज डेनिस लिली दूसरे, जबकि ग्लेन मैक्ग्रा तीसरे नंबर पर हैं। वेस्टइंडीज के तूफानी गेंदबाज मैल्कम मार्शल के साथ रबाडा संयुक्त रूप से चौथे पायदान पर हैं।

सबसे कम टेस्ट मैचों में 350 विकेट

  • रिचर्ड हैडली/ स्टेन - 69 टेस्ट मैच
  • डेनिस लिली - 70 टेस्ट मैच
  • ग्लेन मैक्ग्रा - 74 टेस्ट मैच
  • मैल्कम मार्शल/रबाडा - 75 टेस्ट मैच
  • वकार यूनिस - 78 टेस्ट मैच
  • इमरान खान - 79 टेस्ट मैच

यह भी पढ़ें: एशियन चैंपियंस ट्रॉफी: अजेय चल रही टीम इंडिया के सामने मलेशिया की चुनौती

साउथ अफ्रीका यादगार जीत के करीब

केपटाउन टेस्ट में 288 रन का टारगेट सेट करने के बाद साउथ अफ्रीका ने आखिरी दिन लंच तक ऑस्ट्रेलिया के 7 विकेट उखाड़ दिए हैं। मेजबान टीम सीरीज जीत से महज 3 विकेट दूर है। रबाडा ने घातक गेंदबाजी करते हुए कंगारू टीम के टॉप-3 बल्लेबाजों को निपटाया। उन्होंने पहले ओवर की तीसरी गेंद पर मैट रेनशॉ का विकेट लेने के एक गेंद बाद मार्नस लाबुशेन को बाहर का रास्ता दिखाया। इसके बाद रबाडा ने ट्रेविस का विकेट लेकर ऑस्ट्रेलिया की कमर तोड़ दी। 

 

प्रोटियाज टीम को डरबन में खेले गए पहले टेस्ट मैच में 241 रन से करारी हार का सामना करना पड़ा था। इसके बाद उसने कप्तान टेम्बा बावुमा के शतक और मार्को यानसन के हरफनमौला खेल की बदौलत गकेबरहा में ऑस्ट्रेलिया को पारी और 31 रन से धूल चटाकर वापसी की थी। अब साउथ अफ्रीकी टीम यादगार जीत की दहलीज पर खड़ी है।