क्रिकेट की लॉस एंजिलिस ओलंपिक 2028 में वापसी के साथ ही टीम इंडिया के सामने एक नई चुनौती आ गई है। अब भारत के लिए हर टी20 इंटरनेशनल मैच बेहद अहम होगा, क्योंकि ICC टी20 रैंकिंग में थोड़ी भी गिरावट ओलंपिक के लिए क्वालिफाई करने की राह मुश्किल बना सकती है। ऐसे में अब द्विपक्षीय टी20 सीरीज सिर्फ नए खिलाड़ियों को आजमाने का मंच नहीं रहेंगी, बल्कि हर मुकाबला ओलंपिक की नजर से भी बेहद महत्वपूर्ण होगा।

 

पिछले दिनों श्रेयस अय्यर की कप्तानी में भारतीय टीम को आयरलैंड के खिलाफ दो टी20 मैचों की सीरीज में हार झेलनी पड़ी। यह हार वैसे तो टीम इंडिया के लिए काफी शर्मनाक रही लेकिन अब लॉस एंजिलिस ओलंपिक 2028 के नए क्वालिफिकेशन नियमों के बाद ऐसी हर हार और भी भारी पड़ सकती है। इसकी वजह यह है कि लगातार हार मिलने पर भारत के रैंकिंग पॉइंट कम हो सकते हैं, जिससे ओलंपिक के लिए सीधी एंट्री हासिल करना टीम इंडिया के लिए मुश्किल हो सकता है।

 

यह भी पढ़ें: आयरलैंड के खिलाफ कहां चूका भारत? इंग्लैंड दौरे से पहले सुधारनी होंगी ये खामियां

सिर्फ छह टीमों को मिलेगा ओलंपिक में मौका

अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (IOC) के मुताबिक, लॉस एंजिलिस ओलंपिक 2028 में पुरुष और महिला क्रिकेट इवेंट में सिर्फ 6 टीमें खेलेंगी। इनमें एक जगह मेजबान अमेरिका के लिए तय रहेगी लेकिन इसके लिए उसे क्वालिफिकेशन अवधि खत्म होने तक ICC टी20 रैंकिंग में टॉप-15 में बने रहना होगा। बाकी 4 टिकट दुनिया के चार अलग-अलग महाद्वीपों की सबसे ऊंची रैंकिंग वाली टीमों को मिलेंगे। वहीं आखिरी एक स्थान का फैसला 8 टीमों के बीच खेले जाने वाले फाइनल ग्लोबल क्वालिफायर से होगा।

टीम इंडिया के लिए एशिया में नंबर-1 रहना क्यों है जरूरी?

फिलहाल टीम इंडिया 272 रेटिंग अंकों के साथ ICC टी20 रैंकिंग में नंबर-1 पर है। अगर 31 दिसंबर 2026 तक भारत एशिया की सबसे ऊंची रैंकिंग वाली टीम बना रहता है तो उसे ओलंपिक 2028 के लिए सीधे टिकट मिल जाएगा। अगर इस बीच पाकिस्तान रैंकिंग में भारत से आगे निकल गया तो एशिया का सीधा ओलंपिक कोटा पाकिस्तान को मिल जाएगा। ऐसी स्थिति में टीम इंडिया को आखिरी जगह के लिए फाइनल ग्लोबल क्वालिफायर खेलना पड़ेगा, जहां मुकाबला काफी ज्यादा मुश्किल होगा।

 

यह भी पढ़ें: टी20 वर्ल्ड कप 2026 से बाहर हुआ भारत, ऑस्ट्रेलिया ने 6 विकेट से दी मात

आने वाली टी20 सीरीज पर रहेंगी सबकी नजरें

भारत 1 जुलाई से इंग्लैंड के खिलाफ पांच टी20 मैचों की सीरीज खेलेगा। इसके बाद टीम तीन टी20 मैच खेलने के लिए जिम्बाब्वे जाएगी। फिर अक्टूबर में वेस्टइंडीज के खिलाफ पांच टी20 मुकाबले खेले जाएंगे और इसके बाद न्यूजीलैंड दौरे पर भी टीम इंडिया पांच टी20 मैच खेलेगी। इन सभी मुकाबलों का सीधा असर ICC टी20 रैंकिंग पर पड़ेगा। खासतौर पर न्यूजीलैंड दौरे को काफी अहम माना जा रहा है।

 

नए ओलंपिक क्वालिफिकेशन सिस्टम के मुताबिक भारत और पाकिस्तान, दोनों के लॉस एंजिलिस ओलंपिक के लिए क्वालिफाई करने की संभावना है। ऐसे में फैंस को ओलंपिक में भारत-पाकिस्तान के हाई-वोल्टेज मुकाबले की भी उम्मीद रहेगी।