युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी को न्यूजीलैंड दौरे के लिए भारतीय टी20 टीम में शामिल किया गया है। वैभव पहली बार टीम इंडिया के साथ न्यूजीलैंड जा रहे हैं। टी20 सीरीज से पहले कीवी तेज गेंदबाज लॉकी फर्ग्यूसन ने इस युवा बल्लेबाज के लिए बड़ी बात कही है। फर्ग्यूसन ने कहा है कि वह इस 15 साल के बल्लेबाज को गेंदबाजी करने के लिए उत्सुक हैं। उन्होंने बताया कि वैभव के टैलेंटे को देखते हुए इस किशोर खिलाड़ी को भारतीय टीम में शामिल किए जाने पर उन्हें किसी तरह की हैरानी नहीं हुई।
फर्ग्यूसन ने रविवार को मीडिया से बात करते हुए कहा, 'मैं IPL में उनके खिलाफ खेला था। वह वाकई टैलेंटेड हैं। उनकी प्रतिभा बेमिसाल है। उन्हें भारतीय टीम में शामिल किया जाना कोई हैरानी की बात नहीं है। उन्होंने IPL के अब तक जो दो सीजन खेले हैं, उनमें उनका प्रदर्शन असाधारण रहा है।'
उन्होंने आगे कहा, 'मैं न्यूजीलैंड में उनकी चुनौती का सामना करने के लिए उत्सुक हूं। उनका न्यूजीलैंड में यह पहला अनुभव होगा। मुझे नहीं पता कि उन्होंने पहले यहां क्रिकेट खेली है या नहीं। यह एक शानदार सीरीज होगी।'
यह भी पढ़ें: अरुणाचल क्रिकेट में चल क्या रहा है, टीम का रणजी ट्रॉफी मैच रद्द क्यों हो गया?
भारतीय टीम बेहद मजबूत - फर्ग्यूसन
न्यूजीलैंड और भारत के बीच 5 टी20 के अलावा 5 वनडे और 2 टेस्ट मैच खेले जाएंगे। फर्ग्यूसन ने कहा, 'हम इससे अच्छी तरह वाकिफ हैं कि भारत की टीम बेहद मजबूत है लेकिन न्यूजीलैंड में उनकी मेजबानी करना वाकई शानदार होगा।' यह 35 वर्षीय खिलाड़ी लगभग एक दशक से IPL का हिस्सा रहा है। वह पूर्व चैंपियन कोलकाता नाइट राइडर्स और गुजरात टाइटन्स सहित 5 टीमों का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।
फर्ग्यूसन ने कहा, 'IPL में उनके (भारतीय खिलाड़ियों के) खिलाफ और उनके साथ खेलना शानदार रहा है। इसलिए हम जानते हैं कि वह मैच की तैयारी कैसे करते हैं। भारतीय टीम में मेरे कई अच्छे दोस्त हैं।'उन्होंने कहा कि भारतीय तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह न्यूजीलैंड की अनुकूल परिस्थितियों में गेंदबाजी करने के लिए उत्सुक होंगे। फर्ग्यूसन ने कहा, 'मुझे पता है कि अर्शदीप न्यूजीलैंड में गेंदबाजी करने के लिए उत्सुक हैं, जहां गेंद थोड़ी ज्यादा स्विंग और उछाल लेती है।'
यह भी पढ़ें: फील्डिंग कोच बदल गए लेकिन कैचिंग में नहीं आया सुधार, कब संभलेगी टीम इंडिया?
वनडे टीम में 3 साल बाद लौटे हैं फर्ग्यूसन
फर्ग्यूसन को भारत के खिलाफ चौथे और पांचवें वनडे के लिए कीवी टीम में शामिल किया गया है। वह तीन साल बाद न्यूजीलैंड की वनडे टीम में वापसी करेंगे। इस फॉर्मेट में उन्होंने अपना आखिरी मैच वर्ल्ड कप 2023 में भारत के खिलाफ मुंबई में सेमीफाइनल के रूप में खेला था। उन्होंने कहा, 'वर्ल्ड कप नजदीक होने के कारण हम वनडे क्रिकेट ज्यादा खेल रहे हैं। वर्ल्ड कप को ध्यान में रखते हुए मैंने खुद को फिट रखने के लिए कड़ी मेहनत की है ताकि मैं वनडे टीम के लिए फिर से अपना महत्वपूर्ण योगदान दे सकूं।'
