भारतीय क्रिकेट हल्कों में इस समय मैच फिक्सिंग की खबरों की चर्चा है। 'तहलका' के एक स्टिंग ऑपरेशन में नागालैंड के तेज गेंदबाज रचित भाटिया ने कथित तौर पर इंडियन प्रीमियर लीग ( IPL ) और राज्य स्तरीय लीग्स में मैच फिक्सिंग और स्पॉट फिक्सिंग को लेकर दावा करते हुए दिखाया गया है, जिसके बाद से बवाल मचा हुआ है। 

 

रचित ने इस स्टिंग ऑपरेशन में IPL 2025 में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) का हिस्सा रहे वंश बेदी का भी जिक्र किया है। कथित तौर पर रचित ने दावा किया है कि वंश बेदी ने पांच मैचों में CSK की प्लेइंग-XI और अन्य जानकारियां लीक की।

 

रचित ने बताया है कि वंश बेदी दिल्ली प्रीमियर लीग (DPL) में भी मैच फिक्स करने, धीमी बल्लेबाजी करने और अन्य जानकारियां देने के लिए तैयार हैं। हालांकि वंश बेदी ने इन सब मामलों में अपनी संलिप्तता से इनकार किया है।

 

यह भी पढ़ें: उत्तराखंड प्रीमियर लीग में खेल रहे यशस्वी के बड़े भाई तेजस्वी, क्या है फॉर्मेट?

वंश बेदी बोले - मेरा कोई लेना-देना नहीं

युवा विकेटकीपर बल्लेबाज वंश बेदी ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट करते हुए लिखा है, 'मैं साफ करता हूं कि तहलका के स्टिंग ऑपरेशन में पूर्व रणजी ट्रॉफी क्रिकेटर रचित भाटिया ने CSK खिलाड़ी से जुड़े कथित मैच फिक्सिंग के मामले में जिसका जिक्र किया है, वह मैं नहीं हूं और न ही मेरा ऐसी किसी गतिविधि से कोई लेना-देना है।'

CSK करने वाली है जांच

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, CSK की सलाना आम बैठक (AGM) 25 सितंबर को होगी। इस मीटिंग में एंटी-करप्शन से जुड़ी गतिविधियों पर भी चर्चा होने वाली है। CSK वंश बेदी से जुड़े मामले की जांच भी करेगी। क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक, CSK अपनी AGM में मैच फिक्सिंग से जुड़े मामलों पर चर्चा करेगी और जरूरी कदम उठाएगी। फ्रेंचाइजी ने कहा है कि उसकी इस तरह के मामलों को लेकर जीरो टॉलरैंस नीति है।

 

यह भी पढ़ें: एशियन गेम्स में मेडल नहीं जीतने पर रो पड़ीं मनु भाकर, दिवंगत कोच आए याद

DPL में वंश बेदी से एक खिलाड़ी ने किया था संपर्क

दिल्ली एंड डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन (DDCA) के एक अधिकारी ने कहा है कि वंश बेदी से एक फिक्सर ने संपर्क किया था और उन्होंने तुरंत इसकी जानकारी BCCI की एंटी-करप्शन एंड सिक्योरिटी यूनिट (ACSU) को दी। उन्होंने बताया कि ACU के पास वंश बेदी की ओर से शिकायत दर्ज कराई गई है और फिलहाल इस तरह की कोई अन्य आधिकारिक शिकायत दर्ज नहीं हुई है।

 

क्रिकबज ने DDCA के एक अधिकारी के हवाले से रिपोर्ट किया है कि उत्तर प्रदेश के एक खिलाड़ी ने वंश बेदी से संपर्क किया था। इसकी जानकारी तुरंत BCCI की एंटी-करप्शन एंड सिक्योरिटी यूनिट (ACSU) को दी गई थी। DPL में भ्रष्टाचार की गतिविधियों पर अधिकारी ने कहा कि रिपोर्ट छपने के बाद से DCCA ने BCCI से लगातार बातचीत जारी रखी है।

 

अधिकारी ने क्रिकबज को बताया, 'इस बारे में हमने BCCI से बात की है। बोर्ड जो भी सलाह देगा, हम मानेंगे। कोई भी भ्रष्टाचार विरोधी गतिविधियों में शामिल होगा, उसे बख्शा नहीं जाएगा। लीग की देखरेख BCCI की ACSU कर रही थी और हर टीम के साथ एक एंटी-करप्शन अधिकारी जुड़ा हुआ था।'

आरोपों की पुष्टि नहीं हुई - DDCA

DDCA ने आधिकारिक 'X' हैंडल से एक पोस्ट किया है, जिसमें उसने किसी खिलाड़ी या टीम का नाम लिए बगैर कहा कि रिपोर्ट्स में जो भी आरोप लगाए जा रहे हैं उनकी पुष्टि नहीं हुई है। DDCA ने लिखा है कि एसोसिएशन ने DPL से जुड़ी कुछ खिलाड़ियों और एक टीम (DPL की) के संबंध में सामने आई कथित अनियमितताओं की रिपोर्टों का संज्ञान लिया है। रिपोर्ट्स में लगाए गए आरोप अप्रमाणित हैं और किसी सक्षम प्राधिकरण द्वारा स्थापित नहीं किए गए हैं।