न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज मैट हेनरी ने भारत के खिलाफ चौथे वनडे में शानदार गेंदबाजी की। उन्होंने पारी के पहले ही ओवर में रोहित शर्मा , विराट कोहली और कप्तान श्रेयस अय्यर को आउट कर दिया। इसके बाद भी हेनरी का कहर जारी रहा। उन्होंने कुल 6 विकेट लेकर भारतीय पारी को 89 रन पर समेटने में अहम भूमिका निभाई। न्यूजीलैंड ने यह मुकाबला 244 रन से जीता। हेनरी को उनके प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
मैट हेनरी ने 9.4 ओवर गेंदबाजी की। उन्होंने 27 रन देकर 6 विकेट लिए। यह वनडे क्रिकेट में उनका चौथा पांच विकेट हॉल है। भारत के खिलाफ भी वह लगातार अच्छा प्रदर्शन करते रहे हैं। इस मैच में उन्होंने कई रिकॉर्ड अपने नाम किए।
भारत के खिलाफ सबसे ज्यादा बार 4 विकेट लेने वालों में शामिल
मैट हेनरी भारत के खिलाफ वनडे में सबसे ज्यादा बार 4 या उससे अधिक विकेट लेने वाले गेंदबाजों की सूची में संयुक्त रूप से पहले नंबर पर पहुंच गए हैं। उन्होंने भारत के खिलाफ 12 पारियों में 4 बार यह कारनामा किया है।
यह भी पढ़ें: वनडे क्रिकेट में कब-कब बुरी तरह हारा भारत? ये हैं 5 सबसे बड़ी हार के रिकॉर्ड
इस सूची में वेस्टइंडीज के रवि रामपॉल, श्रीलंका के अजंता मेंडिस और ऑस्ट्रेलिया के ब्रेट ली भी शामिल हैं। इन तीनों ने भी भारत के खिलाफ 4-4 बार एक पारी में 4 या उससे ज्यादा विकेट लिए हैं। खास बात यह है कि हेनरी ने बाकी गेंदबाजों के मुकाबले कम पारियों में यह उपलब्धि हासिल की है।
भारत के खिलाफ दो बार लिया पांच विकेट हॉल
हेनरी भारत के खिलाफ वनडे में दो बार पांच विकेट हॉल ले चुके हैं। ऐसा करने वाले वह न्यूजीलैंड के चुनिंदा गेंदबाजों में शामिल हैं। इस रिकॉर्ड से जुड़ी सूची में शेन बॉन्ड ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 3 बार पांच विकेट लिए हैं। वहीं ट्रेंट बोल्ट भारत के खिलाफ दो बार पांच विकेट हॉल ले चुके हैं। बेन सीयर्स ने पाकिस्तान के खिलाफ दो बार यह कारनामा किया है।
10 ओवर में भारत का छठा सबसे कम स्कोर
भारतीय टीम ने शुरुआती 10 ओवर में 4 विकेट गंवाकर सिर्फ 26 रन बनाए। साल 2018 के बाद वनडे में पहले 10 ओवर के दौरान भारत का यह छठा सबसे कम स्कोर है। इस अवधि में भारत का सबसे कम स्कोर 21 रन है। यह 2019 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सिडनी में बना था।
यह भी पढ़ें: IND vs NZ 4th ODI: न्यूजीलैंड ने भारत को 244 रनों से हराया
न्यूजीलैंड के खिलाफ वेलिंगटन और वर्ल्ड कप 2019 में मैनचेस्टर में भी भारत की शुरुआत खराब रही थी। इन दोनों मैचों में भी मैट हेनरी ने शुरुआती ओवरों में विकेट लेकर भारत को बैकफुट पर धकेला था।
इस अवधि में न्यूजीलैंड के खिलाफ तीनों मैचों की मिलाकर बात करें तो हेनरी ने शुरुआती 15 ओवर में कुल 37 रन देकर 8 विकेट लिए हैं। उनका इकॉनमी रेट 2.46 रहा है। इससे भारत के खिलाफ शुरुआती ओवरों में उनकी गेंदबाजी का असर साफ दिखता है।
भारत के खिलाफ हेनरी क्यों है घातक गेंदबाज
मैट हेनरी के भारत के खिलाफ रिकॉर्ड साफ बता रहे हैं कि वो वह टीम इंडिया के सामने हमेशा बीस क्यों साबित होते हैं। उनकी लाइन लेंथ और स्विंग कराने की कला हमेशा से भारत के खिलाफ एक पहेली रही है। हेनरी ने भारत के खिलाफ 12 ODI मैचों में 27 विकेट हासिल किए हैं। इस दौरान उनकी औसत केवल 17.33 की रही है। नई गेंद के साथ शुरुआती ओवरों में ही विपक्षी टीम के टॉप बल्लेबाज को आउट करने की कला उन्हें न्यूजीलैंड के बाकी गेंदबाजों से अलग करती है।
