मेंस एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 में भारत ए ने नेपाल के खिलाफ ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। दोहा के वेस्ट एंड पार्क इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में भारत ए ने नेपाल को 306 रन के बड़े मार्जिन से हरा दिया है। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 9 विकेट पर 332 रन बनाए थे। इस विशाल लक्ष्य का पीछे करने मैदान में उतरी नेपाल की पूरी टीम महज 26 रन पर सिमट गई। अपनी पारी में नेपाल की टीम 11.3 ओवर ही खेल सकी। यह लिस्ट ए क्रिकेट के इतिहास के सबसे कम स्कोर में से एक है।

 

टॉस जीतकर नेपाल ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था। भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही और अभिषेक शर्मा 9 रन बनाकर आउट हो गए। वैभव सूर्यवंशी ने 26 रन बनाए, जबकि आयुष बडोनी सिर्फ 2 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद कप्तान तिलक वर्मा और विकेटकीपर बल्लेबाज कुमार कुशाग्र ने पारी संभाली।

 

यह भी पढ़ें: 'बीजेपी राज में बिक गई हिमाचल की जमीन', सदन में भड़के सीएम सुक्खू

 

कप्तान ने संभाली पारी

कप्तान तिलक वर्मा और कुमार कुशाग्र ने भारतीय टीम का कमबैक करवाया और दोनों के बीच 206 रन की शानदार साझेदारी हुई। कुशाग्र ने 102 गेंदों पर 117 रन बनाए, जिसमें 10 चौके और 5 छक्के शामिल थे। वहीं तिलक वर्मा ने 113 गेंदों पर 107 रन की पारी खेली। अंत में सूर्यांश शेडगे ने सिर्फ 14 गेंदों पर नाबाद 36 रन बनाकर भारत का स्कोर 332 तक पहुंचाया।

26 रन पर ऑनआउट नेपाल

333 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नेपाल की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक ही नहीं सकी। शुरुआत से ही विकेट गिरने का सिलसिला शुरू हो गया। नेपाल ने दूसरे ओवर तक सिर्फ 1 रन पर 3 विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद भी टीम संभल नहीं पाई और 11.3 ओवर में 26 रन पर ऑलआउट हो गई। नेपाल की तरफ से कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका, जिसके चलते। भारत की तेज गेंदबाजी के सामने नेपाली बल्लेबाज लगातार संघर्ष करते नजर आए।

प्रिंस यादव बने जीत के हीरो

भारत की जीत के सबसे बड़े हीरो प्रिंस यादव रहे। उन्होंने 5 ओवर में सिर्फ 6 रन देकर 5 विकेट झटके। वहीं चोट से वापसी कर रहे हर्षित राणा ने भी शानदार गेंदबाजी की। उन्होंने 6 ओवर में 16 रन देकर 4 विकेट अपने नाम किए। शाहबाज अहमद को भी एक विकेट मिली और इस तरह भारतीय गेंदबाजों ने नेपाल की पूरी टीम को सिर्फ 26 रन पर समेट दिया।

 

यह भी पढ़ें: टांडा में 23.53 करोड़ की एमआरआई मशीन शुरू, जटिल बीमारियों की जांच होगी आसान

भारत का जीत के साथ आगाज

तिलक वर्मा की कप्तानी में भारत ए ने इस जीत के साथ एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 में अपने अभियान की शानदार शुरुआत की है। इस टूर्नामेंट में वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, रिंकू सिंह और हर्षित राणा जैसे खिलाड़ियों को अपना प्रदर्शन दिखाने का मौका मिल रहा है। भारत की इस बड़ी जीत से टीम का आत्मविश्वास बढ़ेगा।