खराब दौर से गुजर रहे पाकिस्तानी क्रिकेटर मोहम्मद नवाज नई मुसीबत में फंस गए हैं। नवाज ड्रग्स टेस्ट में पॉजिटिव पाए गए हैं। ESPNcricinfo ने अपनी रिपोर्ट में खुलासा किया है कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है। रिपोर्ट में बताया गया है कि नवाज इस साल की शुरुआत में हुए टी20 वर्ल्ड कप के दौरान ड्रग्स टेस्ट से गुजरे थे, जिसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
इसके कारण नवाज का इंग्लैंड में होने वाले टी20 ब्लास्ट के लिए सरे के साथ डील रद्द हो गया है। टी20 ब्लास्ट के लिए नवाज को PCB से NOC भी मिल गया था लेकिन अब जांच बैठने के बाद वह इंग्लैंड नहीं जा पाएंगे। इस मामले में अभी सरे की ओर से कोई बयान नहीं आया है।
यह भी पढ़ें: IPL 2026: लगातार हार रही LSG, इकाना में बदलेगी कहानी? पढ़िए पिच रिपोर्ट
ICC को जांच की जानकारी देगा PCB
32 साल के नवाज पाकिस्तान के लिए अब तक 148 इंटरनेशनल मुकाबले खेल चुके हैं। PCB के एक प्रवक्ता ने बुधवार (22 अप्रैल) को ESPNcricinfo से कहा, 'इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने इस बारे में PCB को अवगत कराया है। जानकारी मिलने के बाद PCB जांच कर रही है। जांच में जो भी निकलेगा उस बारे में आज ही ICC को बता भी दिया जाएगा।'
यह भी पढ़ें: 'मेरे पापा को कैमरे में दिखाओ', अभिषेक शर्मा ने ऐसा क्या कहा कि लोग लट्टू हो गए?
टी20 वर्ल्ड कप में फेल रहे थे नवाज
बाएं हाथ के स्पिन ऑलराउंडर नवाज टी20 वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तान के सभी 7 मैचों में खेले थे। वह इन मैचों में 7 ही विकेट ले पाए और उनके बल्ले से सिर्फ 15 रन निकले। इस टूर्नामेंट में पाकिस्तान सुपर-8 स्टेज से आगे नहीं बढ़ पाया था। नवाज फिलहाल पाकिस्तान सुपर लीग 2026 में मुल्तान सुल्तान्स के लिए खेल रहे हैं। उन्होंने अब तक 8 मैचों में 16 रन बनाए हैं और 6 विकेट लिए हैं।
