टीम इंडिया के बैटिंग ऑलराउंडर नमन धीर ने टी20 इंटरनेशनल में अब तक 5 विकेट लिए हैं। उन्होंने 6 अक्टूबर को वेस्टइंडीज के खिलाफ लखनऊ में अपना टी20I डेब्यू करते हुए 3 विकेट झटके थे। इसके बाद नमन धीर ने रविवार (11 अक्टूबर) को इंदौर में 2 विकेट चटकाए। इन दोनों ही मैचों में भारत को जीत मिली है, जिससे टीम सीरीज में 2-1 से आगे चल रही है।
नमन धीर के अब तक के बॉलिंग प्रदर्शन में दिलचस्प पैटर्न देखने को मिला है। उन्हें जब भी कोई कैरेबियाई बल्लेबाज छक्का लगाता है, वह उसे अगली ही गेंद या उसी ओवर में आउट करके बदला चुकता कर दे रहे हैं। लखनऊ में उन्हें शाई होप, रोमारियो शेफर्ड और शमार स्प्रिंगर ने छ्क्के मारे थे। नमन धीर ने इन तीनों को अगली ही गेंद पर आउट किया था। इंदौर में भी कुछ ऐसा ही पैटर्न देखने को मिला।
शिमरोन हेटमायर ने उन्हें उनके पहले ओवर की चौथी गेंद पर चौका और फिर पांचवीं गेंद पर छक्का जड़ दिया। नमन धीर ने आखिरी गेंद पर जबरदस्त वापसी की और हेटमायर को क्लीन बोल्ड कर दिया। इसके बाद वेस्टइंडीज की पारी के 11वें ओवर में उन्हें कामिल पूरन ने 3 छक्के मारे। नमन धीर ने एक बार फिर वही किया, जो वह इस सीरीज में करते आए हैं। उन्होंने ओवर की आखिरी गेंद पर कामिल पूरन का विकेट झटक लिया।
यह भी पढ़ें: रणजी ट्रॉफी में 6 विकेट... जडेजा की टीम को चौंकाने वाले देव आदित्य सिंह कौन हैं?
नमन धीर का सीक्रेट क्या है?
26 साल के नमन धीर मिडिल ऑर्डर के बल्लेबाज हैं और वह पार्ट-टाइम ऑफ स्पिन गेंदबाजी करते हैं। उनका कहना है कि बल्लेबाजी करने से उन्हें गेंदबाजी के दौरान सामने वाले बल्लेबाजों को बेहतर ढंग से समझने में मदद मिलती है। बल्लेबाज के खड़े होने के तरीके (स्टांस) बैकलिफ्ट, गार्ड और शॉट सेलेक्शन के आधार पर उसके इरादों का अनुमान लगा लेते हैं कि वह अगली गेंद पर क्या करेगा।
उन्होंने जियोस्टार से कहा, 'बल्लेबाज होने का फायदा मिलता है, क्योंकि आप बल्लेबाज के स्टांस, उसके बैकलिफ्ट की दिशा, गार्ड और उसके खेलने के तरीके को समझते हैं। गेंदबाजी करते समय मैं इन चीजों पर लगातार नजर रखता हूं।' 3 छक्के खाने के बाद कामिल पूरन का विकेट पर उन्होंने कहा, 'मैंने 3 छक्के देने और फिर विकेट लेने की योजना नहीं बनाई थी। जब कामिल पूरन बल्लेबाजी कर रहे थे तो वह हर शॉट लेग साइड में खेलने और शॉट लगाने के लिए जगह बनाने की कोशिश कर रहे थे। इसलिए मैं उन्हें जगह नहीं देना चाहता था।'
यह भी पढ़ें: तुषार देशपांडे ने रणजी ट्रॉफी में ली हैट्रिक, 7 ओवर में चंडीगढ़ की आधी टीम समेटी
नमन धीर ने आगे कहा, 'पहली दो गेंद पर मेरे से कुछ गलतियां हुईं। मुझे पता था कि मैं अपना तीसरा ओवर कर रहा हूं, बल्लेबाज क्रीज पर जम चुका है और रन गति अधिक होने के कारण वह जोखिम लेने की कोशिश करेगा। आखिरकार वह उसी तरह का शॉट खेलकर आउट हुए, जैसा मैं उन्हें खिलवाना चाहता था। वह स्क्वेयर लेग पर कैच आउट हुए। इसलिए ये छोटी-छोटी बातें मेरी काफी मदद करती हैं और गेंदबाज के तौर पर मैं ऐसे बारीक पहलुओं पर नजर रखता हूं।'
