नोवाक जोकोविच ने विंबलडन 2026 के सेमीफाइनल में जगह बना ली है। सर्बियाई के इस दिग्गज खिलाड़ी ने 5 घंटे से भी अधिक समय तक चले क्वार्टर-फाइनल मुकाबले में कनाडा के फेलिक्स ऑगर-अलियासिमे को 7-6 (10), 3-6, 6-3, 6-7 (4), 7-6 (4) से हरा दिया। यह विंबलडन इतिहास का सबसे लंबा मेंस सिंगल्स क्वार्टर-फाइनल मुकाबला रहा।
39 साल के जोकोविच और उनसे 14 साल छोटे ऑगर-अलियासिमे ने ऑल इंग्लैंड क्लब के सेंटर कोर्ट पर 5 घंटे 15 मिनट तक पसीना बहाया। इससे पहले 2008 में रेनर शुटलर और अरनो क्लेमेंट के बीच का क्वार्टर-फाइनल 5 घंटे और 12 मिनट तक चला था।
यह भी पढ़ें: संजू सैमसन के लिए अलग नियम क्यों? अपने ही बयान में फंसे गौतम गंभीर
ऐसा करने वाले पहले खिलाड़ी बने जोकोविच
जोकोविच अपने 25वें ग्रैंड स्लैम खिताब की तलाश में लगातार रिकॉर्ड तोड़ रहे हैं। उन्होंने विंबलडन के सेमीफाइनल में लगातार आठवीं बार पहुंचकर एक नया रिकॉर्ड बनाया है। वह ग्रास कोर्ट पर खेले जाने वाले इस टूर्नामेंट में लगातार सबसे अधिक मेंस सिंगल्स सेमीफाइनल में पहुंचने के मामले में रोजर फेडरर से एक कदम आगे निकल गए हैं। साथ ही उन्होंने विंबलडन के सेमीफाइनल में 15वीं बार एंट्री ली है, जो रिकॉर्ड है।
यह भी पढ़ें: न रन बन रहे, न टीम जीत रही... भारतीय टीम को गर्त में ले जाएंगे श्रेयस अय्यर?
जीत से गदगद हुए जोकोविच
जोकोविच ने जीत के बाद कहा, 'ये वे पल हैं जिनके लिए मैं आज भी टेनिस खेलता हूं। मैं अब भी उन युवा खिलाड़ियों से मुकाबला करने में सक्षम हूं, जो मुझसे 15 साल छोटे हैं। मैं उन्हें बेहद करीबी मुकाबले में हरा सकता हूं।' जोकोविच से बाद में अर्जेंटीना के लियोनेल मेसी से अपनी तुलना करने के लिए कहा गया, जो 39 साल के हैं और अभी भी टॉप-लेवल पर जलवा दिखा रहे हैं। जोकोविच ने महान फुटबॉलर मेसी के बारे में कहा,'उनके जैसा 90 मिनट खेलना अच्छा लगेगा।'
सेमीफाइनल में जोकोविच का सामना इटली के जैनिक सिनर से होगा। पिछले साल विंबलडन के सेमीफाइनल में सिनर ने जोकोविच को सीधे सेटों में हराया था। इस साल के ऑस्ट्रेलियन ओपन के अंतिम-4 में जोकोविच ने इस इटालियन खिलाड़ी को पांच सेटों में मात दी थी।


