ICC टी20 वर्ल्ड कप 2026 के पहले सुपर-8 मैच में पाकिस्तान और न्यूजीलैंड आमने-सामने है। दोनों टीमों की टक्कर कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में हो रही है। पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने का फैसला किया है लेकिन बारिश के कारण मुकाबला शुरू नहीं हो पाया है। कोलंबो में झमाझम बारिश हो रही है और पूरी संभावना है कि 20-20 ओवर के मैच नहीं होंगे। यानी बारिश के कारण ज्यादा समय खराब होने पर ओवरों में कटौती होगी, जिससे पाकिस्तान की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।
वर्षा से प्रभावित किसी मुकाबले में बाद में बैटिंग करने वाली टीम हमेशा फायदे में रहती है। ऐसे में सलमान अली आगा पहले बल्लेबाजी का फैसला कर फंस गए हैं। उन्होंने भारत के खिलाफ बारिश की संभावना को देखते हुए पहले गेंदबाजी चुनी थी लेकिन मौसम साफ रहा और पूरे 20-20 ओवर के मैच हुए।
उस मुकाबले में पाकिस्तान की 61 रन से करारी हार के बाद आगा के फैसले की जमकर आलोचना हुई थी। पाकिस्तान के कई पूर्व क्रिकेटरों ने कहा कि पहले बैटिंग करना चाहिए था। अब आगा ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले बैटिंग करने का फैसला कर तो लिया है लेकिन बारिश के कारण उन्हें यह महंगा पड़ा सकता है।
यह भी पढ़ें: एडिलेड में भारत की ऐतिहासिक जीत, मंधाना की पारी ने रोका ऑस्ट्रेलिया का विजयरथ
पाकिस्तान की टीम में फिर हुआ बदलाव
पाकिस्तान ने नामीबिया के खिलाफ अपने आखिरी ग्रुप मुकाबले में दो बदलाव किए थे। शाहीन शाह अफरीदी और अबरार अहमद को ड्रॉप कर सलमान मिर्जा और ख्वाजा नफे को मौका दिया गया था। पाक टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ भी एक बदलाव के साथ उतरी है। इस बार ख्वाजा नफे को बाहर का रास्ता दिखाया गया है और उनकी जगह फखर जमान को प्लेइंग-XI में शामिल किया गया है। फखर इस टी20 वर्ल्ड कप में अपना पहला मैच खेलने उतरेंगे।
न्यूजीलैंड की टीम में लॉकी फर्ग्यूसन और मिचेल सैंटनर की वापसी हुई है। सैंटनर चोट के चलते पिछला मुकाबला नहीं खेले थे। वहीं फर्ग्यूसन पैटरनिटी लीव से लौटने के बाद आज ही टीम से जुड़े हैं। इसके अलावा ईश सोढ़ी को भी मौका दिया गया है। काइल जेमीसन और जैकब डफी को बाहर जाना पड़ा है।
यह भी पढ़ें: टॉप-3 पर टिका है साउथ अफ्रीका, मारक्रम-डिकॉक-रिकलटन नहीं चले तो क्या होगा?
दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-XI:
पाकिस्तान - साहिबजादा फरहान, सईम अयूब, सलमान अली आगा (कप्तान), बाबर आजम, फखर जमान, शादाब खान, उस्मान खान (विकेटकीपर), मोहम्मद नवाज, फहीम अशरफ, सलमान मिर्जा, उस्मान तारिक
न्यूजीलैंड - टिम साइफर्ट (विकेटकीपर), फिन एलन, रचिन रविंद्र, ग्लेन फिलिप्स, मार्क चैपमैन, डैरिल मिचेल, मिचेल सैंटनर (कप्तान), जिमी नीशम, मैट हेनरी, ईश सोढ़ी, लॉकी फर्ग्यूसन
