दिल्ली के कप्तान प्रियांश आर्य ने मंगलवार (24 नवंबर, 2026) को सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में इतिहास रच दिया। उन्होंने तमिलनाडु के खिलाफ 68 गेंदों पर 181 रन की पारी खेली। इसके साथ ही वह T20 क्रिकेट में किसी भारतीय बल्लेबाज का सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर बनाने वाले खिलाड़ी बन गए। उन्होंने भारत के स्टार बल्लेबाज केएल राहुल का रिकॉर्ड तोड़ा। बता दें कि राहुल ने IPL 2026 में पंजाब किंग्स के खिलाफ दिल्ली कैपिटल्स की ओर से खेलते हुए 152 रन बनाए थे।

 

प्रियांश ने अपनी पारी में 7 चौके और 19 छक्के लगाए। उनकी इस पारी की बदौलत दिल्ली ने 20 ओवर में 5 विकेट पर 275 रन बनाए। प्रियांश के पास T20 क्रिकेट का सबसे बड़ा स्कोर बनाने का मौका था। लेकिन वह 19वें ओवर में बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में आउट हो गए।

 

यह भी पढ़ें: 'ऑस्ट्रेलिया ने शुरू से की गेंद से छेड़छाड़' सैंडपेपर विवाद पर बोले डिविलियर्स

T20 में भारतीय बल्लेबाज का सबसे बड़ा स्कोर

प्रियांश आर्य अब T20 क्रिकेट में सबसे बड़ी पारी खेलने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। उनसे पहले यह रिकॉर्ड केएल राहुल के नाम था। राहुल ने 152 रन बनाए थे। प्रियांश ने 181 रन बनाकर इस रिकॉर्ड को काफी पीछे छोड़ दिया।

 

हालांकि, दुनिया में T20 क्रिकेट की सबसे बड़ी पारी का रिकॉर्ड अब भी दक्षिण अफ्रीका के लुआन-डे प्रिटोरियस के नाम है। उन्होंने टाइटंस की ओर से खेलते हुए नाबाद 188 रन बनाए थे। प्रियांश इस रिकॉर्ड से सिर्फ 8 रन दूर रह गए।

सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में भी बनाया रिकॉर्ड

प्रियांश ने अपनी इस पारी के साथ सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया। अब वह इस टूर्नामेंट में सबसे बड़ी पारी खेलने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड तिलक वर्मा के नाम था। उन्होंने हैदराबाद की ओर से मेघालय के खिलाफ 151 रन बनाए थे।

 

प्रियांश ने 19 छक्के लगाकर एक और बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किया। एक T20 पारी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने के मामले में वह न्यूजीलैंड के फिन एलन के बराबर पहुंच गए हैं। एलन ने पिछले साल मेजर लीग क्रिकेट में सैन फ्रांसिस्को यूनिकॉर्न्स की ओर से खेलते हुए वॉशिंगटन फ्रीडम के खिलाफ 19 छक्के लगाए थे।

 

  T20 क्रिकेट के टॉप-5 बड़े व्यक्तिगत स्कोर  
बल्लेबाज रन मुकाबला
लुआन-डे प्रिटोरियस 188* टाइटंस vs नाइट्स
प्रियांश आर्य 181 दिल्ली vs तमिलनाडु
क्रिस गेल 175 RCB vs पुणे वॉरियर्स
एरोन फिंच 172 ऑस्ट्रेलिया vs जिम्बाब्वे
हमजा खान 164* रवांडा vs आइवरी कोस्ट

 

यह भी पढ़ें: वर्ल्ड चेस चैंपियनशिप: खराब फॉर्म में हैं गुकेश, सामने सिंदारोव की कठिन चुनौती

कप्तान के तौर पर भी बनाया बड़ा रिकॉर्ड

प्रियांश ने इस पारी के साथ कई और रिकॉर्ड अपने नाम किए। वह भारत में T20 क्रिकेट का सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर बनाने वाले बल्लेबाज बन गए। इसके अलावा, कप्तान के तौर पर भी T20 में सबसे बड़ी पारी खेलने का रिकॉर्ड उनके नाम हो गया।

 

प्रियांश IPL में पंजाब किंग्स की ओर से खेलते हैं। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में भी उनका बल्ला लगातार रन बना रहा है। इस मैच से पहले उन्होंने जम्मू-कश्मीर और पंजाब के खिलाफ 58 और 55 रन की पारियां खेली थीं। अब 181 रन की पारी खेलकर उन्होंने अपनी शानदार फॉर्म का सबूत दे दिया है।