टीम इंडिया के दिग्गज ऑफ स्पिनर आर अश्विन जल्द ही क्रिकेट के मैदान पर उतरने वाले हैं। वह अमेरिका की मेजर लीग क्रिकेट (MLC) टूर्नामेंट में सैन फ्रांसिस्को यूनिकॉर्न्स के लिए खेलते नजर आएंगे। इस लीग के चौथे सीजन की शुरुआत हो चुकी है। इंटरनेशनल क्रिकेट और IPL से संन्यास लेने के बाद अश्विन अब विदेशी लीग में खेलने के लिए एलिजिबल हैं। उन्हें ऑस्ट्रेलिया की बिग बैश लीग में साइन किया गया था लेकिन वह घुटने की सर्जरी के कारण नहीं खेल पाए थे। अब वह MLC में उतरने के लिए तैयार हैं। अश्विन इस लीग में खेलने वाले पहले ऐसे क्रिकेटर बनेंगे, जिसने भारतीय टीम के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट खेला है। MLC के इस सीजन के बारे में हर डिटेल जानिए।

शेड्यूल क्या है?

MLC 2026 की शुरुआत 18 जून (भारतीय समयानुसार 19 जून) को हुई। फाइनल मुकाबला 18 जुलाई को ओकलैंड कोलिजियम में खेला जाएगा। इसी वेन्यू पर नॉकआउट के मुकाबले भी होंगे।

टीमें कौन-कौन हैं?

वॉशिंगटन फ्रीडम, सैन फ्रांसिस्को यूनिकॉर्न्स, MI न्यूयॉर्क, लॉस एंजिल्स नाइट राइडर्स, टेक्सास सुपर किंग्स और सिएटल ओर्कास इस लीग की 6 टीमें हैं। वॉशिंगटन फ्रीडम और सैन फ्रांसिस्को यूनिकॉर्न्स को छोड़कर सभी टीमों का मालिकाना हक IPL फ्रेंचाइजियों के पास है। सिएटल ओर्कास की मालिक GMR ग्रुप है, जो दिल्ली कैपिटल्स की सह-मालिक है। MI न्यूयॉर्क MLC की मौजूदा चैंपियन है।

 

यह भी पढ़ें: पंत की वापसी, KL कप्तान; युवराज बैटिंग कोच, IPL 2027 में पूरी तरह बदल जाएगी DC?

कप्तान कौन-कौन है?

ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज स्टीव स्मिथ के हाथों में वॉशिंगटन फ्रीडम की कमान है। वह ग्लेन मैक्सवेल की जगह कप्तान बनाए गए हैं। स्मिथ इंटरनेशनल कमिटमेंट्स की वजह से MLC का पिछला सीजन नहीं खेल पाए थे। उन्होंने 2024 में वॉशिंगटन फ्रीडम को अपनी कप्तानी में खिताब जिताया था। मैथ्यू शॉर्ट (सैन फ्रांसिस्को यूनिकॉर्न्स), फाफ डुप्लेसी (टेक्सास सुपर किंग्स), निकोलस पूरन (MI न्यूयॉर्क) और जेसन होल्डर (लॉस एंजिल्स नाइट राइडर्स) को बतौर कप्तान रिटेन किया गया है। सिएटल ओर्कास की कप्तानी मार्कस स्टोइनिस करेंगे।

बड़े खिलाड़ी कौन हैं?

अश्विन, स्मिथ, डुप्लेसी, पूरन, स्टोइनिस के अलावा किरोन पोलार्ड और आंद्रे रसेल भी MLC 2026 में खेलते नजर आएंगे। इस लीग में फिन एलन का भी जलवा देखने को मिलेगा। भारतीय मूल के अमेरिकी खिलाड़ी सौरभ नेत्रवलकर पर भी फैंस की नजरें रहेंगी।

 

यह भी पढ़ें: बार्सिलोना या रियाल मैड्रिड, किस क्लब ने सबसे ज्यादा वर्ल्ड कप विनर्स दिए हैं?

फॉर्मेट क्या है?

MLC का फॉर्मेट बाकी फ्रेंचाइजी लीग की तरह ही है। पहले राउंड रॉबिन फॉर्मेट में लीग स्टेज होगा। टॉप-2 टीमें क्वालिफायर में भिड़ेंगी, जिसकी विजेता को सीधे फाइनल का टिकट मिलेगा। तीसरे और चौथे स्थान पर रहने वाली टीमें एलिमिनेटर 1 में आमने-सामने होंगी। एलिमिनेटर 1 की विजेता का सामना दूसरे एलिमिटनेर में क्वालिफायर हारने वाली टीम से होगी और इस मैच के जरिए दूसरी फाइनलिस्ट तय होगी।

भारत में कहां देख सकते हैं MLC 2026?

भारत में फैंस MLC 2026 के सभी मैचों का लाइव टेलीकास्ट स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर देख सकते हैं। लाइव स्ट्रीमिंग जियोहॉटस्टार ऐप्प और वेबसाइट पर उपलब्ध होगी। यानी मोबाइल पर MLC के मैचों का लुत्फ उठाने के लिए जियोहॉटस्टार ऐप्प पर जाना होगा।