रणजी ट्रॉफी 2026-27 सीजन के एलीट ग्रुप-ए मुकाबले में उत्तर प्रदेश ने बिहार को पारी और 267 रन के बड़े अंतर से हरा दिया है। नए नवेले राजगीर इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में उत्तर प्रदेश ने 540 रन का स्कोर खड़ा किया था। रिंकू सिंह (112) और माधव कौशिक (150) ने शतकीय पारियां खेली। इसके बाद कार्तिक यादव और करन शर्मा ने 4-4 विकेट लेकर बिहार को 141 रन पर ढेर कर दिया। 

 

यूपी को 399 रन की बढ़त मिली। कप्तान आर्यन जुयाल ने बिहार को फॉलोऑन के लिए मजबूर किया। फॉलोऑन खेलने उतरी बिहार की टीम दूसरी पारी में 132 रन पर ही सिमट गई और उसे बड़ी हार झेलनी पड़ी। करन शर्मा ने एक बार फिर बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट चटकाए। वहीं कार्तिक यादव को 2 सफलता मिली। जीशान अंसारी ने 4 विकेट लिए यूपी की टीम ने बड़ी जीत के साथ बोनस अंक हासिल किया।

 

यह भी पढ़ें: वैभव या संजू, चौथे टी20 में कौन करेगा ओपनिंग; मैच कहां दिखेगा? पूरी डिटेल

मुंबई की भी बोनस अंक से जीत

मुंबई ने एलीट ग्रुप-डी मुकाबले में चंडीगढ़ को पारी और 155 रन से हराकर अपने अभियान की शानदार शुरुआत की।  मुंबई ने तीन दिन के अंदर जीत दर्ज की और बोनस अंक भी हासिल किया। वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में मुंबई के गेंदबाजों ने चंडीगढ़ की दूसरी पारी में भी शानदार प्रदर्शन किया। मुंबई ने इससे पहले सोमवार को मैच के दूसरे दिन चंडीगढ़ की पहली पारी महज 78 रन पर समेट कर 351 रन की बढ़त हासिल कर उसे फॉलोऑन दिया। चंडीगढ़ ने दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक एक विकेट गंवाया था।

 

मुंबई के गेंदबाजों ने मंगलवार को मेहमान टीम की दूसरी पारी 52.1 ओवर में 196 रन पर समेट दी। शम्स मुलानी ने 69 रन देकर 3 विकेट लिए, जबकि तनुष कोटियान ने 30 रन देकर 3 विकेट चटकाए। इससे पहले मुंबई ने अपनी पहली पारी में 429 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया था। टीम के लिए कप्तान सिद्धेश लाड ने 86, मुशीर खान ने 65 रन, कोटियान ने 58 और मोहित अवस्थी ने नाबाद 56 रन की पारी खेली थी।

 

यह भी पढ़ें: छक्का मारने वाले बल्लेबाज से बदला कैसे ले रहे हैं नमन धीर? खुद बताया सीक्रेट

हैदराबाद ने त्रिपुरा को हराया

यूपी और मुंबई की तरह हैदराबाद ने भी पारी के अंतर से जीत हासिल की। एलीट ग्रुप-बी के मुकाबले के तीसरे दिन हैदराबाद ने त्रिपुरा को पारी और 40 रन से हराकर बोनस अंक हासिल किया। तेज गेंदबाज तन्य त्यागराजन और मोहम्मद सिराज ने मिलकर 8 विकेट चटकाए, जिससे हैदराबाद ने दूसरी पारी में त्रिपुरा को 120 रन पर समेट दिया। त्यागराजन ने 52 रन देकर 6 विकेट चटकाए। सिराज ने 9 ओवर में 19 रन देकर 2 विकेट हासिल किए। त्रिपुरा ने पहली पारी में 134 रन बनाए थे, जिसके जवाब में हैदराबाद ने 294 रन बनाकर बड़ी बढ़त हासिल की थी।