मुंबई के तेज गेंदबाज तुषार देशपांडे ने रणजी ट्रॉफी में चंडीगढ़ के खिलाफ कहर बरपा दिया है। तुषार ने 7 ओवर में 5 विकेट लेकर चंडीगढ़ की पहली पारी 78 पर ढेर दी। उन्होंने अपने इस तूफानी स्पेल के दौरान हैट्रिक भी पूरी की, जिससे वानखेड़े स्टेडियम में चंडीगढ़ की टीम 19.1 ओवर में ही सिमट गई। मुंबई ने अपनी पहली पारी में 429 रन बनाए थे। इस तरह मेजबान टीम को 351 रन की बड़ी बढ़त मिली।

तुषार ने बल्ले से भी किया कमाल

मुंबई की टीम आज 249/5 के स्कोर से अपनी पारी को आगे बढ़ाने उतरी थी। वह अपने कल के स्कोर में 180 रन जोड़कर ऑलआउट हुई। कप्तान सिद्धेश लाड ने दिन की शुरुआत 80 रन से की और वह 86 रन पर पवेलियन लौट गए। तनुष कोटियान ने 91 गेंद में 58 रन की पारी खेली। मोहित अवस्थी 6 चौके और 2 छक्कों की मदद से 56 रन बनाकर नाबाद लौटे। तुषार ने गेंद के साथ कहर बरपाने से पहले बल्ले से उपयोगी योगदान दिया। उन्होंने 47 गेंद पर 4 चौके और 2 छक्कों की मदद से 44 रन बनाए।

 

यह भी पढ़ें: सानिया मिर्जा का 22 साल पुराना रिकॉर्ड टूटा, माया राजेश्वरन ने रचा इतिहास

मुंबई बड़ी जीत के करीब

पहली पारी में 429 रन का मजबूत स्कोर खड़ा करने वाले मुंबई ने 351 रन की बढ़त हासिल करने के बाद चंडीगढ़ को फॉलोऑन खेलने पर मजबूर कर दिया।मुंबई ने दिन की शुरुआत पांच विकेट पर 249 रन से की और निचले क्रम के बल्लेबाजों के उपयोगी योगदान की बदौलत पहली पारी में 136.5 ओवर में 429 रन बनाए। इससे टीम ने मुकाबले में अपनी स्थिति बेहद मजबूत कर ली। चंडीगढ़ की ओर से राज बावा और रोहित ढांडा ने 4-4 विकेट लिए। 

 

यह भी पढ़ें: डेनमार्क ओपन: पीवी सिंधु के सामने कड़ी चुनौती, लक्ष्य सेन की राह भी नहीं है आसान

 

मजबूत स्कोर बनाने के बाद मुंबई ने चंडीगढ़ के 6 विकेट 29 रन तक गिरा दिए। निशुंक बिरला ने 15 गेंद में 33 रन बनाकर चंडीगढ़ को 50 के पार पहुंचाया। 9वें नंबर पर उतरा यह बल्लेबाज टीम का हाईएस्ट स्कोरर रहा। उनके अलावा सिर्फ अर्जुन आजाद (20) ही दोहरे अंक में पहुंच सके। तुषार ने 7 ओवर में 17 रन देकर 5 विकेट लिए। मोहित अवस्थी ने उनका अच्छा साथ निभाते हुए 6 ओवर में 9 रन देकर 3 विकेट हासिल किए, जबकि सिल्वेस्टर डिसूजा को 2 विकेट मिले। 

 

विशाल बढ़त हासिल करने के बाद मुंबई ने चंडीगढ़ को फॉलोऑन के लिए मजबूर किया। चंडीगढ़ की दूसरी पारी में भी खराब शुरुआत रही और उसने 1 ओवर के ही खेल में विष्णु कश्यप (0) का विकेट गंवा दिया। उन्हें तुषार ने क्लीन बोल्ड किया। मुंबई की टीम पारी के अंतर की जीत की दहलीज पर है। देखना होगा कि मुकाबले के तीसरे दिन चंडीगढ़ की टीम कितना संघर्ष कर पाती है।