कोलकाता नाइट राइडर्स के स्टार खिलाड़ी रिंकू सिंह एक बार फिर चर्चा में हैं लेकिन इस बार वजह सिर्फ उनका खेल नहीं बल्कि एक मजेदार वीडियो कॉल है। लखनऊ के खिलाफ रोमांचक जीत दर्ज करने के बाद रिंकू सिंह अपने परिवार से वीडियो कॉल पर बात कर रहे थे। उनके पास ही सुनील नरेन भी बैठे हुए थे। जब रिंकू की बहन ने नरेन को देखा तो उन्होंने बड़े ही भोलेपन से उन्हें 'नमस्ते भैया' कह दिया।

 

यह सुनकर रिंकू ने तुरंत टोकते हुए कहा कि उन्हें 'भैया' नहीं 'ब्रदर' बोलो क्योंकि उन्हें हिंदी समझ नहीं आती। जब बहन ने नरेन की तारीफ करते हुए कहा- 'आपने बहुत अच्छी बॉलिंग की', तो रिंकू ने इसे इंग्लिश में ट्रांसलेट किया और नरेन ने मुस्कुराते हुए 'थैंक यू वेरी मच' कहकर सबका दिल जीत लिया।

 

यह भी पढ़ें: 'वर्ल्ड कप जिताया, यहां क्यों हरा रहे...', संजू सैमसन से खफा CSK फैन

 

मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स की शुरुआत काफी खराब रही थी और टीम ने महज 93 रनों पर अपने 7 विकेट गंवा दिए थे। ऐसे मुश्किल समय में रिंकू सिंह ने संभलकर बल्लेबाजी की और 51 गेंदों में 83 रन बनाए। उनकी इस पारी की मदद से ही केकेआर की टीम 155 रनों के स्कोर तक पहुंच सकी। बल्लेबाजी के अलावा रिंकू सिंह ने फील्डिंग में भी बेहतरीन खेल दिखाया और मैच के दौरान पूरे 4 कैच पकड़े। उनके इस शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए उन्हें 'प्लेयर ऑफ द मैच' के अवॉर्ड भी दिया गया।

 

यह भी पढ़ें: चोट कंधे पर लगी और बहाना सिर का कर दिया? मुंबई इंडियंस के फैसले पर हंगामा

सुनील नरेन का सुपर ओवर 

केकेआर और लखनऊ के बीच मुकाबला टाई होने के बाद मैच सुपर ओवर तक पहुंचा। यहां सुनील नरेन ने कमाल की गेंदबाजी की और पूरे ओवर में सिर्फ 1 रन दिया। उन्होंने इस दौरान निकोलस पूरन और एडेन मार्करम जैसे बड़े बल्लेबाजों को आउट किया। यह आईपीएल के इतिहास का सबसे कम रन वाला सुपर ओवर दर्ज हुआ जिसे केकेआर में पहली ही गेंद पर जीत लिया।