रणजी चैंपियन जम्मू-कश्मीर और रेस्ट ऑफ इंडिया के बीच ईरानी कप खेला जाना है। यह मुकाबला 1 से 5 अक्टूबर तक श्रीनगर के शेर-ए-कश्मीर स्टेडियम में होगा। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने बुधवार (16 सितंबर) को इस मुकाबले के लिए रेस्ट ऑफ इंडिया के 15 सदस्यीय स्क्वॉड की घोषणा की। ऋषभ पंत रेस्ट ऑफ इंडिया के कप्तान बनाए गए हैं। वहीं सरफराज खान को उप-कप्तान की जिम्मेदारी दी गई है।
आकाश दीप भी टीम में शामिल
रेस्ट ऑफ इंडिया के स्क्वॉड में तेज गेंदबाज आकाश दीप को भी टीम में शामिल किया गया है। हालांकि उन्हें अपनी फिटनेस साबित करनी होगी। आकाश दीप लंबे समय से पीठ के निचले हिस्से में स्ट्रेस इंजरी से जूझ रहे हैं। उन्होंन आखिरी प्रतिस्पर्धी मैच फरवरी में रणजी ट्रॉफी सेमीफाइनल में बंगाल के लिए खेला था। इसके बाद से वह बाहर हैं।
पंत और सरफराज के अलावा आर स्मरण, आयुष दोसेजा, सनत सांगवान और सुदीप कुमार जैसे बल्लेबाजों को भी टीम में जगह दी गई है। इसके अलावा झारखंड के युवा बल्लेबाज शिखर मोहन भी रेस्ट ऑफ इंडिया के स्क्वॉड में चुने गए हैं। शिखर मोहन ने हाल ही में दलीप ट्रॉफी में बेहतरीन प्रदर्शन किया था। पंत कप्तान के साथ विकेटकीपिंग की भी जिम्मेदारी संभालेंगे। आर्यन जुयाल को बैकअप विकेटकीपर के तौर पर रखा गया है।
यह भी पढ़ें: पंत-हार्दिक बाहर, जडेजा-यशस्वी की एंट्री; वेस्टइंडीज के खिलाफ टीम इंडिया का एलान
गेंदबाजी में कौन-कौन?
मुकेश कुमार और मुकेश चौधरी तेज गेंदबाजी की कमान संभालेंगे, जबकि मानव सुथार और सारांश जैन मेन स्पिनर होंगे। झारखंड के ऑलराउंडर अनुकूल रॉय को भी टीम में जगह मिली है। अनुकूल ने दलीप ट्रॉफी में बल्ले और गेंद दोनों से शानदार प्रदर्शन कर ईस्ट जोन को चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई थी।
यह भी पढ़ें: WPL 2027 ऑक्शन की तारीख तय, BCCI ने बताया कब और कहां लगेगी खिलाड़ियों की बोली
रेस्ट ऑफ इंडिया का स्क्वॉड:
ऋषभ पंत (कप्तान, विकेटकीपर), सनत सांगवान, शिखर मोहन, सुदीप कुमार घरामी, सरफराज खान (उप-कप्तान), आर स्मरण, मानव सुथार, सारांश जैन, आकाश दीप, मुकेश कुमार, मुकेश चौधरी, आर्यन जुयाल (विकेटकीपर), आर्यन पांडे, अनुकूल रॉय, आयुष दोसेजा
