भारत और अफगानिस्तान के बीच खेली जा रही 3 मैचों की वनडे सीरीज में ईशान किशन को मिडिल ऑर्डर में खेलने का मौका मिला है। विराट कोहली के चोटिल होने के चलते खाली हुए नंबर-3 स्लॉट पर पहले वनडे में ईशान ने बैटिंग की। उन्होंने 195 रन के चेज में 22 गेंद में इम्पैक्टफुल 34 रन बनाए, जिसमें 3 चौके और एक छक्का शामिल रहा। इसके बाद लखनऊ में खेले गए सीरीज के दूसरे मुकाबले में ईशान को चौथे नंबर पर उतारा गया। बाएं हाथ के इस विकेटकीपर बल्लेबाज ने यहां भी जबरदस्त प्रदर्शन किया और 71 गेंद में सेंचुरी ठोक दी। 

 

ईशान को 50 रन तक पहुंचने में 52 गेंदें लगी थीं। इसके बाद उन्होंने अपनी पारी को बेहतरीन अंदाज में पेस किया और अगली 19 गेंद में 50 रन ठोक अपने वनडे करियर का दूसरा शतक जड़ दिया। बांग्लादेश के खिलाफ दिसंबर 2022 में 210 रन की विस्फोटक पारी के बाद उनकी यह पहली ODI सेंचुरी रही। ईशान 125 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने 79 गेंद का सामना किया और 14 चौके और 7 छक्के उड़ाए। इस धमाकेदार पारी से उन्होंने अगले साल होने वाले वर्ल्ड कप के लिए अपनी मजबूत दावेदारी ठोक दी है।

 

यह भी पढ़ें: रोनाल्डो जैसा दिग्गज फ्लॉप... FIFA वर्ल्ड कप 2026 में छाए ये गुमनाम खिलाड़ी

टी20 वर्ल्ड कप की तरह मारेंगे एंट्री?

ईशान 2023 के अंत तक भारत के लिए हर फॉर्मेट में खेल रहे थे लेकिन BCCI की नाराजगी के चलते उन्हें 2 साल तक वनवास झेलना पड़ा। घरेलू क्रिकेट में रनों का अंबार लगाने के बाद इस साल की शुरुआत में न्यूजीलैंड सीरीज और टी20 वर्ल्ड कप के लिए उनकी टीम इंडिया में एंट्री हुई। ईशान ने इस मौके का पूरा फायदा उठाया और अब वह भारतीय टी20 टीम में अपनी जगह पक्की कर चुके हैं।

 

वह भारत की टी20 वर्ल्ड कप जीत में दूसरे हाईएस्ट स्कोरर रहे। उन्होंने 9 पारियों में 193.29 के स्ट्राइक रेट से 317 रन बनाए। ईशान ने टी20 इंटनरेशनल के बाद अब वनडे इंटरनेशनल में भी अपना दम दिखाया दिया है। देखना होगा कि हेड कोच गौतम गंभीर टी20 की तरह वनडे टीम में भी उन्हें लगातार मौके दे पाते हैं या नहीं।

 

यह भी पढ़ें: बस 4 विकेट और... विमेंस टी20 वर्ल्ड कप में इतिहास रचने की दहलीज पर दीप्ति शर्मा

ईशान के लिए कहां जगह है?

भारतीय वनडे टीम में ईशान के लिए मिडिल ऑर्डर में जगह बनाना मुश्किल है। कोहली के चोट से वापस आने के बाद ईशान को प्लेइंग-XI में फिट करना आसान नहीं होगा। उन्हें बैकअप ओपनर के तौर पर तैयार किया जा सकता है। 39 साल के हो चुके रोहित शर्मा को वर्ल्ड कप तक टीम में रखा जाएगा या नहीं, यह तय नहीं है। रोहित ने अफगानिस्तान के खिलाफ पहले दो मैचों में अच्छी शुरुआत की है लेकिन वह अनलकी रहे हैं। धर्मशाला में खेले गए पहले वनडे में कप्तान शुभमन गिल के साथ गलतफहमी का शिकार होकर वह रन आउट हो गए थे। रोहित 16 गेंद में 16 रन बनाकर पवेलियन लौटे।

 

दूसरे वनडे में रोहित ने विस्फोटक बल्लेबाजी की। उन्होंने 39 गेंद में 48 रन ठोके, जिसमें 6 चौके और 2 छक्के शामिल रहे। लगा रहा था कि पाटा पिच पर वह बड़ी पारी खेलेंगे लेकिन राशिद खान की एक बेहतरीन गेंद पर गच्चा खा गए और क्लीन बोल्ड हो गए। रोहित फॉर्म में दिखे हैं लेकिन बढ़ती उम्र के चलते उन पर सवालिया निशान हैं। अगर उन्हें वर्ल्ड कप के प्लान्स में नहीं रखा जाता है तो ईशान को ओपनिंग स्लॉट के लिए यशस्वी जायसवाल से चुनौती मिलेगी। यशस्वी को दूसरे वनडे में बतौर ओपनर खिलाया गया था, जहां वह 9 गेंद खेलकर 4 रन ही बना सके। उनकी हालिया फॉर्म सही नहीं है लेकिन यह भी ध्यान में रखना होगा कि वह लंबे समय से बैकअप ओपनर के तौर पर टीम के आस-पास रहे हैं।

 

यह भी पढ़ें: तीन साल में 3000 ODI रन... धोनी का यह रिकॉर्ड टूटना नामुमकिन

ईशान को मिडिल ऑर्डर में फिट करने पर किसकी चढ़ेगी बलि?

केएल राहुल और श्रेयस अय्यर भारतीय टीम के मिडिल ऑर्डर के मजबूत स्तंभ हैं। राहुल विकेटकीपिंग की भी जिम्मेदारी संभालते हैं। अगर ईशान के लिए राहुल को बाहर बैठाया जाता है, तो उनके साथ नाइंसाफी होगी। राहुल ने बतौर फिनिशर भी खुद को साबित किया है। वह नंबर-5 पर लगातार रन बनाते आ रहे हैं। श्रेयस अय्यर ने वनडे फॉर्मेट के पिछले दो ICC टूर्नामेंट में भारत के लिए बेहतरीन प्रदर्शन किया है लेकिन उनकी फिटनेस हमेशा सवालों के घेरे में रहती है। श्रेयस अब टी20 टीम के कप्तान बन चुके हैं। ऐसे में टी20 फॉर्मेट पर ही फोकस करने के लिए उन्हें वनडे टीम से आराम दिया जा सकता है और उनकी जगह ईशान को आजमाया जा सकता है।