शेर-ए-पंजाब टी20 लीग 2026 का रविवार (13 सितंबर) को समापन हुआ। अमृतसर सूरमाज ने फाइनल में लुधियाना लायंस को 8 विकेट से हराकर खिताब अपने नाम किया। टॉस गंवाकर पहले बैटिंग करने उतरी लुधियाना लायंस की टीम ने 143 रन का टारगेट रखा था, जिसे अमृतसर सूरमाज ने 16.4 ओवर में 2 विकेट खोकर आसानी से हासिल कर लिया। 

 

सहज धवन ने 53 गेंद में नाबाद 63 रन बनाए। राहुल कुमार 30 गेंद में 42 रन बनाकर नाबाद लौटे। अभिषेक शर्मा की जगह अमृतसर सूरमाज की कमान संभाल रहे नमन धीर ने 12 गेंद में 29 रन की धमाकेदार पारी खेली, जिससे रन चेज में उनकी टीम की राह आसान हो गई। 

 

पंजाब की यह टी20 लीग काफी सफल रही, जहां स्टार खिलाड़ियों के बीच कई अनचान चेहरों ने अपनी चमक बिखेरी, जो अब इंडियन प्रीमियर लीग ( IPL ) फ्रेंचाइजियों के राडार पर आ सकते हैं। आगे हम शेर-ए-पंजाब से निकले 5 गेंदबाजों की बात करेंगे, जिन पर IPL 2027 ऑक्शन में बोली लग सकती है।

 

यह भी पढ़ें: भारत में खेलने आ रही पाकिस्तानी टीम, एशियन चैंपियंस ट्रॉफी के लिए मिली मंजूरी

साहिल भास्कर

लुधियाना लायंस के पेसर साहिल भास्कर टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे। उन्होंने 10 मैचों में 20 विकेट अपने नाम किए। साहिल ने एक बार 5 विकेट हॉल भी लिया। शेर-ए-पंजाब लीग के सभी मुकाबले मोहाली के IS बिंद्रा स्टेडियम में खेले गए, जहां हर मैच में रनों की बरसात देखने को मिली। फिर भी साहिल ने गजब की निरंतरता दिखाई और हर मुकाबले में विकेट झटका।

कार्तिक चड्ढा

IPL फ्रेंचाइजी चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के इंटर्न बॉलर के तौर पर चुने जा चुके कार्तिक शेर-ए-पंजाब टी20 लीग के दूसरे हाईएस्ट विकेट टेकर रहे। इस युवा लेग स्पिनर ने 10 मैचों में 14 विकेट चटकाए। इस दौरान उनकी इकॉनमी 6.45 की ही रही। लुधियाना लायंस को फाइनल में पहुंचने में उनकी भूमिका अहम रही।

 

यह भी पढ़ें: अफगानिस्तान से आसानी से जीती टीम इंडिया, पांचवां गेंदबाज कहीं डुबो न दे लुटिया

शुभम राणा

अमृतसर सूरमाज के शुभम राणा ने 9 मैचों में 8 विकेट चटकाए। वह सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों की लिस्ट में टॉप-5 में नहीं रहे लेकिन उन्होंने अपनी गेंदबाजी की कला से सुर्खियां बटोरीं। शुभम बाएं हाथ के कलाई के स्पिनर हैं। वह लखनऊ सुपर जायंट्स के नेट बॉलर के तौर पर चुना जा चुके हैं।

तेजप्रीत सिंह

मोहाली किंग्स के लेग स्पिनर तेजप्रीत सिंह सबसे ज्यादा विकेट चटकाने के मामले में संयुक्त रूप से चौथे स्थान पर रहे। उन्होंने 9 मैचों में 11 विकेट झटके। उनकी इकॉनमी थोड़ी ज्यादा रही लेकिन वह महत्वपूर्ण मौकों पर विकेट निकालने की अपनी कला से चर्चा में रहे।

आकाश पांडे

लेफ्ट आर्म स्पिनर आकाश पांडे ने 9 मैचों में 12 विकेट चटकाए। वह हाईएस्ट विकेट टेकर्स की लिस्ट में संयुक्त रूप से तीसरे पायदान पर रहे। अमृतसर सूरमाज को चैंपियन बनाने में उनका बड़ा रोल रहा। उन्होंने सेमीफाइनल में 4 ओवर में 33 रन देकर 2 विकेट झटके थे।