श्रेयस अय्यर की आतिशी शतकीय पारी की मदद से भारत ने पहले टी20 मैच में वेस्टइंडीज को 8 विकेट से रौंद दिया है। लखनऊ के इकाना स्टेडियम में मंगलवार (6 अक्टूबर) को खेले गए इस मुकाबले में वेस्टइंडीज ने 172 रन का टारगेट रखा था, जिसे भारत ने 32 गेंद शेष रहते 2 विकेट खोकर बेहद आसानी से हासिल कर लिया। कप्तान श्रेयस ने 43 गेंद में नाबाद 102 रन की धुआंधार पारी खेली, जिसमें 10 चौके और 6 छक्के शामिल रहे। ईशान किशन ने उनका बखूबी साथ निभाते हुए 27 गेंद में नाबाद 37 रन बनाए। 

 

संजू सैमसन ने 9 गेंद में 11, जबकि अभिषेक शर्मा ने 10 गेंद में 21 रन का योगदान दिया। ये दोनों ही सलामी बल्लेबाज 3.3 ओवर में पवेलियन लौट गए थे। लगा कि रन चेज में भारतीय टीम फंस जाएगी लेकिन श्रेयस और ईशान ने कोई मुश्किलें नहीं आने दी। दोनों ने जब चाहा, बाउंड्री बटोरा। खासकर श्रेयस बेहतरीन लय में थे। एशियन गेम्स में फ्लॉप रहे श्रेयस ने 28 गेंद में पचासा पूरा करने के बाद शतक तक पहुंचने के लिए महज 14 गेंद ही ली। जब भारतीय टीम जीत से 32 रन दूर थी, उस समय श्रेयस को शतक पूरा करने के लिए 28 रन चाहिए थे। 

 

श्रेयस ने 14वें ओवर में मैथ्यू फोर्ड के खिलाफ 23 रन बटोरे और फिर अगले ओवर में स्ट्राइक मिलते ही छक्का जड़ टी20 इंटरनेशनल में अपना पहला शतक पूरा कर लिया। श्रेयस ने इसी साल लखनऊ में ही अपना पहला IPL शतक भी लगाया था।

 

यह भी पढ़ें: भुवनेश्वर कुमार की टीम इंडिया में वापसी, न्यूजीलैंड दौरे के लिए मिला मौका

फिरकी में फंसी विंडीज टीम

टॉस गंवाकर पहले बैटिंग करने उतरी कैरेबियाई टीम 19.1 ओवर में 171 रन पर सिमट गई थी। शाई होप (52) और शरफेन रदरफोर्ड (56) ने अर्धशतकीय पारियां खेली लेकिन भारतीय स्पिनर्स के सामने उनके अलावा कोई बल्लेबाज नहीं चल सका। शिमरोन हेटमायर 5 रन के निजी स्कोर पर रन आउट होकर पवेलियन लौटे। रोवमन पॉवेल खाता भी नहीं खोल सके। रोस्टन चेज और रोमारियो शेफर्ड ने क्रमश: 5 और 7 रन बनाए। 

 

यह भी पढ़ें: 2036 ओलंपिक मेजबानी की रेस में भारत... IOC ने बताया ये 6 देश भी ठोक रहे दावेदारी

 

भारत की ओर से टी20I डेब्यू कर रहे नमन धीर ने 4 ओवर में 31 रन देकर 3 विकेट लिए। कुलदीप यादव ने 2 विकेट झटके। अक्षर पटेल के खाते में भी 2 विकेट रहे। अर्शदीप सिंह और मयंक यादव ने 1-1 विकेट चटकाए।