शुभमन गिल और साई सुदर्शन की जोड़ी ने इतिहास रच दिया है। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के 52वें मुकाबले में गुजरात टाइटंस की सलामी जोड़ी ने 118 रन की साझेदारी कर रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा दी है। गिल-सुदर्शन ने IPL में पहले विकेट के लिए छठी बार शतकीय साझेदारी की है। इसके साथ ही उन्होंने सबसे ज्यादा बार ओपनिंग शतकीय साझेदारी निभाने के मामले में डेविड वॉर्नर-शिखर धवन और अभिषेक शर्मा-ट्रेविस हेड के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है।
IPL में ओपनिंग विकेट के लिए सबसे ज्यादा शतकीय साझेदारियां
- 6 - डेविड वार्नर और शिखर धवन (SRH)
- 6 - अभिषेक शर्मा और ट्रैविस हेड (SRH)
- 6 - शुभमन गिल और साई सुदर्शन (GT)
- 5 - डेविड वार्नर और जॉनी बेयरस्टो (SRH)
- 5 - फाफ डुप्लेसी और विराट कोहली (RCB)
यह भी पढ़ें: WFI ने विनेश फोगाट की वापसी पर लगाई रोक, कारण बताओ नोटिस जारी किया
कोहली-डिविलियर्स का रिकॉर्ड
शुभमन गिल और साई सुदर्शन ने ओपनिंग में कमाल करने के अलावा एक और उपलब्धि हासिल कर ली है। गिल-सुदर्शन के बीच किसी भी विकेट के लिए 9वीं बार शतकीय साझेदारी हुई है। वे IPL में सबसे ज्यादा सेंचुरी पार्टनरशिप करने के मामले में विराट कोहली और क्रिस गेल के साथ नंबर-2 पर पहुंच गए हैं। इस मामले में पहले नंबर पर विराट कोहली और एबी डिविलयर्स की जोड़ी है, जिन्होंने 10 शतकीय साझेदारी की है। कोहली-डिविलियर्स के इस ऐतिहासिक रिकॉर्ड की बराबरी करने से गिल-सुदर्शन एक शतकीय साझेदारी दूर हैं।
IPL में किसी भी विकेट के लिए सबसे ज्यादा शतकीय साझेदारियां
- 10 - विराट कोहली और एबी डी विलियर्स (RCB)
- 9 - विराट कोहली और क्रिस गेल (RCB)
- 9 - साई सुदर्शन और शुभमन गिल (GT)
यह भी पढ़ें: रियान पराग को क्या हुआ? यशस्वी जायसवाल बने राजस्थान रॉयल्स के कप्तान
गिल-सुदर्शन की पारियों की बदौलत GT ने बनाया बड़ा स्कोर
जयपुर के सवाई मान सिंह स्टेडियम में पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर GT ने 4 विकेट के नुकसान पर 229 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। कप्तान गिल ने 44 गेंद में 9 चौके और 3 छक्कों की मदद से 84 रन की पारी खेली। सुदर्शन ने 36 गेंद में 55 रन बनाए, जिसमें 6 चौके और 2 छक्के शामिल रहे। इन दोनों के अलावा वॉशिंगटन सुंदर ने 20 गेंद में नाबाद 37 रन का योगदान दिया। राहुल तेवतिया ने 4 गेंद में नाबाद 14 रन जड़े।
