ICC टी20 वर्ल्ड कप 2026 का पहला सेमीफाइनल मुकाबला आज (4 मार्च) कोलकाता के ईडन गार्डंस स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मुकाबले में साउथ अफ्रीका और न्यूजीलैंड की टीमें आमने-सामने होंगी। साउथ अफ्रीका की कमान एडन मारक्रम के हाथों में है, जबकि न्यूजीलैंड की अगुवाई मिचेल सैंटनर करेंगे। मारक्रम बेहतरीन फॉर्म से गुजर रहे हैं। वह टूर्नामेंट में तीसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उन्होंने 7 मैचों में 53.60 की औसत और 175.16 के स्ट्राइक रेट से 268 रन बनाए हैं।
मारक्रम को रोकने के लिए सैंटनर को खुद पावरप्ले में अटैक पर आना होगा। न्यूजीलैंड के पास बाएं हाथ का कलाई का स्पिनर या लेफ्ट आर्म पेसर नहीं है, जिससे मारक्रम को मुश्किल में डाला जा सके। इसलिए सैंटनर को न चाहते हुए भी पावरप्ले में गेंदबाजी करनी होगी। हालांकि सैंटनर को ऐसा करने पर क्विंटन डिकॉक और रायन रिकलटन से खतरा होगा। ये दोनों बाएं हाथ के बल्लेबाज सैंटनर के लिए मुसीबत बन सकते हैं।
यह भी पढ़ें: नॉकआउट से पहले ही टूट गए रिकॉर्ड... भारत में कितने लोगों ने T20 WC 2026 को देखा?
डिकॉक-रिकलटन का यह है उपाय
इस टूर्नामेंट में मारक्रम और डिकॉक पारी की शुरुआत कर रहे हैं। वहीं रिकलटन नंबर-3 पर आ रहे हैं। यानी सैंटनर पावरप्ले में गेंदबाजी करेंगे तो उनका क्विंटन डिकॉक और रायन रिकलटन से सामना हो सकता है, न्यूजीलैंड के नजरिए से अच्छा मैच-अप्स नहीं है। ऐसे में लॉकी फर्ग्यूसन की ओर रुख किया जा सकता है, जो डिकॉक-रिकलटन के खिलाफ कारगर हथियार साबित हो सकते हैं।
वह अमेरिका की मेजर लीग क्रिकेट (MLC) टूर्नामेंट में डिकॉक और रिकलटन की बत्ती गुल कर चुके हैं। फर्ग्यूसन ने इस लीग में डिकॉक को 23 गेंद में 3 बार आउट किया है। वहीं रिकलटन के सामने उन्होंने 3 ही गेंद डाली है, जिसमें एक बार इस तेज गेंदबाज ने उनका शिकार किया है। साउथ अफ्रीका को इस मुकाबले में दबाव में लाने के लिए उसके टॉप-3 को जल्द ले जल्द निपटाना होगा। कीवी टीम सैंटनर और फर्ग्यूसन के साथ गेंदबाजी की शुरुआत कर यह काम कर सकती है।
यह भी पढ़ें: वर्ल्ड कप में मेजबान देश कैसे करता है कमाई? सारे तरीके जान लीजिए
दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-XI:
न्यूजीलैंड - टिम सीफर्ट (विकेटकीपर), फिन एलन, रचिन रविंद्र, ग्लेन फिलिप्स, मार्क चैपमैन, डैरिल मिशेल, मिचेल सैंटनर (कप्तान), कोल मैककॉन्ची/जैकब डफी, जिमी नीशम, मैट हेनरी, लॉकी फर्ग्यूसन
साउथ अफ्रीका - क्विंटन डिकॉक (विकेटकीपर), एडन मारक्रम (कप्तान), रायन रिकलटन, डेवाल्ड ब्रेविस, डेविड मिलर, ट्रिस्टन स्टब्स, मार्को यानसन, कॉर्बिन बॉश, कैगिसो रबाडा, केशव महाराज, लुंगी एनगिडी
