भारतीय घरेलू क्रिकेट का नया सीजन दलीप ट्रॉफी के साथ शुरू हो रहा है। इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट का आगाज 23 अगस्त से होगा, जिसके लिए साउथ जोन की टीम का ऐलान हो गया है। टीम की कमान तिलक वर्मा के हाथों में सौंपी गई है। तिलक के डिप्टी रिकी भुई बनाए गए हैं। 15 सदस्यीय टीम में करुण नायर को भी शामिल किया गया है।
पिछले साल के दलीप ट्रॉफी में साउथ जोन की कप्तानी केरल के मोहम्मद अजहरुद्दीन ने की थी। उन्हें इस बार टीम में भी जगह नहीं मिली है।
ये सितारे भी चुने गए
साउथ जोन की टीम में शेख रशीद, रविचंद्रन स्मरण, एन जगदीशन और श्रेयस गोपाल जैसे स्टार शामिल हैं। इसके अलावा अभिनव तेजराना, अमन खान, के साई तेजा, टी विजय, कोडिमेला हिमातेजा भी चुने गए हैं। टीम त्यागराजन, वी कावरप्पा और एमडी निधिश भी सेलेक्ट हुए हैं।
यह भी पढ़ें: लोकल कोच, लाहौर में अभ्यास... पाकिस्तानी अरशद नदीम को अपनों ने ही डुबोया
सीधे सेमीफाइनल खेलेगी टीम
साउथ जोन की टीम 30 अगस्त से सीधे सेमीफाइनल मुकाबले में उतरेगी। ऐसा इसलिए, क्योंकि उसने पिछले दलीप ट्रॉफी में फाइनल तक का सफर तय किया था, जहां उसे सेंट्रल जोन के हाथों 6 विकेट से हार मिली थी। डिफेंडिंग चैंपियन सेंट्रल जोन की टीम भी डायरेक्ट सेमीफाइनल खेलेगी। फाइनल मुकाबला 6 से 10 सितंबर तक खेला जाएगा। दलीप ट्रॉफी 2026 के सभी मुकाबले बेंगलुरु स्थित BCCI के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) में होने हैं।
यह भी पढ़ें: 2030 में मेजबानी के लिए तैयार अहमदाबाद, कॉमनवेल्थ गेम्स में आज का दिन कितना अहम?
साउथ जोन की टीम इस प्रकार है:-
तिलक वर्मा (कप्तान), रिकी भुई (उप-कप्तान), अभिनव तेजराना, शेख रशीद, कोडिमेला हिमातेजा, रविचंद्रन स्मरण, एन जगदीशन, करुण नायर, टी त्यागराजन, श्रेयस गोपाल, के साई तेजा, टी विजय, वी कावरप्पा, अमन खान, एमडी निधिश
