अमेरिका के हेन्स मोके नीमैन ने 'सुपर रैपिड एवं ब्लिट्ज 2026' का खिताब जीत लिया है। वहीं वर्ल्ड चैंपियन डी गुकेश को छठे स्थान से संतोष करना पड़ा। यह टूर्नामेंट 'ग्रैंड चेस टूर' का हिस्सा है। गुकेश ने 36 संभावित पॉइंट्स में से 17 पॉइंट्स हासिल कर अपना अभियान समाप्त किया। इस टूर्नामेंट में खिलाड़ियों ने 9 रैपिड और 18 ब्लिट्ज बाजियां खेलीं। हर रैपिड बाजी जीतने पर दो पॉइंट्स और ब्लिट्ज बाजी जीतने पर एक पॉइंट्स निर्धारित था। 

 

गुकेश ने रैपिड में नौ और ब्लिट्ज में आठ पॉइंट्स जुटाए। हालात और भी खराब हो सकते थे लेकिन गुकेश ने आखिरी दौर में पोलैंड के डूडा यान-क्रिस्टोफ को हराकर वापसी की। गुकेश ने ग्रैंड चेस टूर के मुख्य टूर्नामेंट से नाम वापस ले लिया था और इस साल वे केवल रैपिड और ब्लिट्ज फॉर्मेट्स में ही खेलेंगे। सबसे कम उम्र के वर्ल्ड चैंपियन गुकेश इस साल के अंत में नार्वे चेस टूर्नामेंट के अलावा अमेरिका के जावोखिर सिंदारोव के खिलाफ वर्ल्ड चैंपियनशिप मुकाबला भी खेलने वाले हैं।

 

यह भी पढ़ें: विजय के शपथग्रहण समारोह में पहुंचे CSK स्टार अंशुल कम्बोज? आर अश्विन ने लिए मजे

आखिरी दिन गुकेश को मिली तीन जीत

गुकेश को आखिरी दिन तीन जीत मिली। उन्होंने अमेरिका के वेस्ली सो, नीमैन और डूडा को हराया। उन्हें चार हार का सामना करना पड़ा, जिसमें सिंदारोव के खिलाफ शिकस्त भी शामिल है। सिंदारोव ने गुकेश के साथ खेले गए तीन मैच की व्यक्तिगत भिड़ंत में 2-1 के अंतर से जीत हासिल की। नीमैन ने आखिरी दो दौर जीते और टूर्नामेंट का समापन कुल 22.5 पॉइंट्स के साथ किया। उन्हें ट्रॉफी के अलावा 50 हजार डॉलर का पहला पुरस्कार भी मिला। 

 

यह भी पढ़ें: जयपुर में लगातार हार रही है राजस्थान रॉयल्स, IPL 2026 में डूबेगी नैया?

 

अंतिम दौर में नीमैन ने पोलैंड के राडोस्लाव वोज्टाजेक को हराया। अमेरिका के फाबियानो करुआना 22 पॉइंट्स के साथ दूसरे स्थान पर रहे, जो वेस्ली से एक पॉइंट्स अधिक है। स्लोवेनिया के व्लादिमीर फेडोसेव 18 पॉइंट्स के साथ चौथे स्थान पर रहे, जबकि फ्रांस के अलिरेजा फिरोजा ने पांचवां स्थान हासिल किया। ग्रैंड चेस टूर का कारवां अब 'सुपर क्लासिक' टूर्नामेंट के लिए रोमानिया की राजधानी बुखारेस्ट की ओर बढ़ेगा और इस टूर्नामेंट में भारत की ओर से एकमात्र खिलाड़ी आर प्रज्ञानानंदा हिस्सा लेंगे।