टी20 वर्ल्ड कप 2026 शुरू होने में बस एक दिन बचा है, लेकिन भारतीय खेमे से एक टेंशन भरी खबर आ रही है। टीम के उभरते हुए तेज गेंदबाज हर्षित राणा की फिटनेस पर शक है। साउथ अफ्रीका के खिलाफ प्रैक्टिस मैच के दौरान चोटिल हुए राणा के टूर्नामेंट से बाहर होने की खबर सामने आई है। लेकिन इन अटकलों के बीच कप्तान सूर्यकुमार यादव ने एक अहम बयान दिया है।

 

दरअसल, हर्षित राणा 4 फरवरी को साउथ अफ्रीका के खिलाफ भारत के एकमात्र वार्म-अप मैच के दौरान चोटिल हो गए थे। वह मैच में सिर्फ एक ओवर ही फेंक पाए थे। ओवर के दौरान वह असहज दिख रहे थे और अपने रनअप में भी उन्हें दिक्कत हो रही थी। ओवर पूरा करने के बाद वह अपना घुटना पकड़कर मैदान से बाहर चले गए। उन्होंने उस एक ओवर में 16 रन दिए थे। तब से उनकी फिटनेस को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

 

यह भी पढ़ें: बैडमिंटन एशिया टीम चैम्पियनशिप में भारत का बुरा हाल क्यों? चीन ने फिर मारी बाजी

 

हर्षित राणा की गैरमौजूदगी भारतीय टीम के लिए एक बड़ा झटका साबित हो सकती है। राणा न सिर्फ अपनी पेस और बाउंस से बल्लेबाजों को परेशान करते हैं, बल्कि नंबर 8 पर उनकी बैटिंग टीम को लोअर ऑर्डर में अहम गहराई देती है। फिलहाल, भारतीय टीम में कोई और फ्रंटलाइन तेज गेंदबाज नहीं है जिसके पास उनकी जैसी ऑलराउंड क्षमताएं हों।

क्या बोले कप्तान सूर्यकुमार यादव?

अमेरिका के खिलाफ होने वाले पहले मुकाबले से पूर्व मुंबई में पत्रकारों से बात करते हुए सूर्यकुमार यादव ने स्थिति स्पष्ट की। सूर्या ने कहा, 'हर्षित अभी आधिकारिक तौर पर टूर्नामेंट से बाहर नहीं हुए हैं। हमारी मेडिकल टीम और फिजियो लगातार उन पर नजर रख रहे हैं। हालांकि, स्थिति फिलहाल बहुत उत्साहजनक नहीं दिख रही है। आज शाम तक उनकी फिटनेस रिपोर्ट आ जाएगी। हमने एक खास कॉम्बिनेशन सोचकर टीम चुनी थी, लेकिन अगर हर्षित अनुपलब्ध होते हैं, तो हमारे पास दूसरे विकल्प तैयार हैं।'

 

यह भी पढ़ें: 16 चौके-छक्के... U19 वर्ल्ड कप फाइनल में वैभव सूर्यवंशी ने ठोका धमाकेदार शतक

मोहम्मद सिराज रेस में सबसे आगे

सूत्रों की मानें तो अगर हर्षित राणा फिट नहीं होते हैं, तो उनकी जगह अनुभवी गेंदबाज मोहम्मद सिराज का टीम में शामिल होना लगभग तय है। सिराज के पास बड़े टूर्नामेंट का अनुभव है, जो बुमराह की गैरमौजूदगी में टीम के काम आ सकता है। अब सभी की निगाहें आज शाम आने वाली मेडिकल रिपोर्ट पर हैं।