टीम इंडिया के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 सीरीज से पहले अंडर-19 वर्ल्ड कप के फाइनल को याद किया है। वैभव ने इस साल की शुरुआत में हरारे स्पोर्ट्स क्लब ग्राउंड पर खेले गए खिताबी मुकाबले में 80 गेंद में 175 रन जड़ दिए थे। उन्होंने इंग्लैंड की गेंदबाजी से खिलवाड़ करते हुए 15 चौके और 15 छक्के उड़ाए थे। उनकी विध्वंसक पारी की बदौलत टीम इंडिया ने इंग्लैंड को 100 रन से हराकर छठी बार U19 वर्ल्ड कप खिताब पर कब्जा किया।
वैभव अब फिर से हरारे में धमाल मचाने के लिए तैयार हैं। भारत और जिम्बाब्वे के बीच होने वाले 3 मैचों की टी20 सीरीज के सभी मुकाबले यहीं खेले जाने हैं। सीरीज से पहले वैभव ने जिम्बाब्वे को चेताते हुए कहा कि यहां की पिच और परिस्थितियों वह अच्छे से जानते हैं और फिर से बड़ी पारी खेलना चाहते हैं।
यह भी पढ़ें: कॉमनवेल्थ गेम्स भारत में कहां दिखेगा, कितने खिलाड़ी हैं? हर डिटेल
हरारे में लय जारी रखने की कोशिश - वैभव
वैभव ने कहा कि वह हरारे में खेलने के अनुभव का फायदा उठाते हुए अंडर-19 वर्ल्ड कप वाले लय को जारी रखना चाहेंगे। उन्होंने कहा, 'यह मैदान मेरे लिए बहुत यादगार है। सिर्फ 4 महीने पहले हमने यहां अंडर-19 वर्ल्ड कप का फाइनल जीता था इसलिए यह मेरे लिए बेहद खास मैदान है। भारत का प्रतिनिधित्व करना हर खिलाड़ी का सपना होता है और यह मेरे लिए बहुत स्पेशल मोमेंट है। जिस मैदान पर हमने 4 महीने पहले इतिहास रचा था, उसी मैदान पर फिर से भारत के लिए खेलना एक अलग ही एहसास है। मैं इसका भरपूर आनंद ले रहा हूं।'
यह भी पढ़ें: कॉमनवेल्थ गेम्स में इस बार भारत का टॉप-5 में रहना मुश्किल क्यों है?
वैभव ने आगे कहा, 'यहां की पिच और परिस्थितियों के बारे में मुझे अच्छी जानकारी है। उस टूर्नामेंट से जो भी सीख मिली, उसे अब इन मैचों में लागू करने की कोशिश करूंगा और अच्छा प्रदर्शन करूंगा।'
उन्होंने कहा, 'अब तक मैंने जो अभ्यास किया है, उसी पर भरोसा रखूंगा और अपने खेल के अनुसार खेलने की कोशिश करूंगा। टीम के लिए जितना भी योगदान दे सकूं, वह देने का पूरा प्रयास करूंगा। मैंने इस मैदान पर दो मैच खेले हैं और दोनों में मेरा प्रदर्शन अच्छा रहा था। अब उसी लय को आगे भी जारी रखना चाहता हूं।'
