भारत और आयरलैंड के बीच 2 टी20 मैचों की शुरुआत कल (26 जून) से हो रही है। सीरीज का पहला मुकाबला शाम 6 बजे से बेलफास्ट में खेला जाएगा। इस मुकाबले के जरिए युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी अपने इंटरनेशनल करियर की शुरुआत कर सकते हैं। 15 साल के वैभव को प्लेइंग-XI में फिट करना आसान नहीं है, क्योंकि संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा की जोड़ी को तोड़ना होगा। अगर वैभव को डेब्यू का मौका दिया जाता है तो संजू को आराम या फिर से मिडिल ऑर्डर में धकेला जा सकता है।
आयरलैंड दौरे के तुरंत बाद टीम इंडिया को इंग्लैंड जाना है, जहां वह मेजबान टीम से 5 मैचों की टी20 सीरीज खेलेगी। इस बड़ी सीरीज को ध्यान में रखते हुए भारतीय टीम मैनेजमेंट आयरलैंड के खिलाफ कुछ सीनियर खिलाड़ियों को आराम देती है, तो वैभव के लिए जगह बन जाएगी। IPL 2026 के बाद श्रीलंका में आयोजित हुई ए-टीम ट्राई सीरीज में धमाल मचाकर आ रहे वैभव इतिहास रचने की दहलीज पर खड़े हैं। वह इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू करने वाले सबसे कम उम्र के भारतीय खिलाड़ी बनेंगे।
यह भी पढ़ें: करो या मरो की जंग में बांग्लादेश से भिड़ेगी टीम इंडिया, क्या बदलाव करेंगी हरमन?
सचिन का दशकों का पुराना रिकॉर्ड होगा ध्वस्त
भारत के लिए सबसे कम उम्र में इंटरनेशनल क्रिकेट खेलने का रिकॉर्ड शेफाली वर्मा के नाम है। महिला टीम की विस्फोटक ओपनर शेफाली ने 2019 में 15 साल 239 दिन की उम्र में अपना इंटरनेशनल डेब्यू किया था। वहीं पुरुष खिलाड़ी की बात करें तो यह रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम है। मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर ने 1989 में 16 साल 205 दिन की उम्र में अपने इंटरनेशनल करियर की शुरुआत की थी।
वैभव की उम्र महज 15 साल 90 दिन है। वह आयरलैंड के खिलाफ डेब्यू करते ही सचिन के दशकों पुराने रिकॉर्ड के साथ-साथ शेफाली का रिकॉर्ड भी तोड़ देंगे। अगर उन्हें आयरलैंड के खिलाफ नहीं खिलाया जाता है तब भी उनके पास अगले 4 महीने से भी ज्यादा समय तक यंगेस्ट भारतीय डेब्यूटंट बनने का मौका रहेगा।
यह भी पढ़ें: वैभव सूर्यवंशी के बाद एक और बिहारी खिलाड़ी का डेब्यू, कौन हैं आयुष पांडेय?
वर्ल्ड रिकॉर्ड किसके नाम है?
पाकिस्तान की सज्जिदा शाह इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू करने वाली सबसे कम उम्र की खिलाड़ी हैं। उन्होंने 2000 में 12 साल 169 दिन की उम्र में अपना पहला इंटरनेशनल मुकाबला खेला था। पाकिस्तान के ही हसन रजा सबसे कम उम्र (14 साल 229 दिन) में इंटरनेशनल डेब्यू करने वाले पुरुष खिलाड़ी हैं। वैभव उनके बाद सबसे कम उम्र में अपने इंटरनेशनल करियर की शुरुआत करने वाले पहले पुरुष खिलाड़ी बन सकते हैं।


