इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में धुआंधार बल्लेबाजी कर रहे वैभव सूर्यवंशी की उम्र सिर्फ 15 साल है। उनको लेकर लगातार मांग हो रही है कि उन्हें टीम इंडिया में शामिल करना चाहिए भले ही उनकी उम्र कम है। अब चर्चा है कि बोर्ड ऑफ कंट्रोल फॉर क्रिकेट इन इंडिया (BCCI) ने भी इस मांग को गंभीरता से लेना शुरू कर लिया है। अगर यह गंभीरता नतीजे में बदलती है तो जल्द ही वैभव सूर्यवंशी टीम इंडिया की जर्सी में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलते दिख सकते हैं। चर्चा है कि आयरलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए वैभव सूर्यवंशी के नाम पर विचार चल रहा है।

 

IPL  में राजस्थान रॉयल्स के लिए खेल रहे वैभव सूर्यवंशी जबरदस्त फॉर्म में चल रहे हैं। सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ खेले गए मैच में जीरो रन पर आउट होने से पहले वैभव सूर्यवंशी सिर्फ 4 मैचों में 200 रन बना चुके थे और अब तक उनका स्ट्राइक रेट 263 का है। इसमें उनके दो शानदार अर्धशतक शामिल हैं। वैभव ने इस सीजन के सिर्फ 5 मैच में ही 18 छक्के मार दिए हैं। बेहद कम उम्र में जसप्रीत बुमराह, भुवनेश्वर कुमार और जोश हेजलवुड जैसे धुरंधर गेंदबाजों की जमकर खबर लेने वाले वैभव ने अपनी प्रतिभा से हर किसी को प्रभावित किया है। यही कारण है कि अब उन्हें टीम इंडिया में शामिल करने की मांग बढ़ती जा रही है।

इंटरनेशनल डेब्यू कर पाएंगे वैभव सूर्यवंशी?

भारतीय क्रिकेट टीम को जून में यानी IPL के तुरंत बाद आयरलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज खेलनी है। चर्चा है कि इस सीरीज में टीम के कुछ सीनियर खिलाड़ियों को रेस्ट देकर नए खिलाड़ियों को मौका दिया जा सकता है। इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, वैभव सूर्यवंशी के नाम पर भी चर्चा हो रही है। अगर वह इस सीरीज में खेलते हैं तो वह सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ देंगे क्योंकि सचिन का डेब्यू 16 साल की उम्र में हुआ था।

 

यह भी पढ़ें: कौन हैं प्रफुल्ल हिंगे? डेब्यू मैच में लिए 4 विकेट, IPL में रचा इतिहास

 

इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, आयरलैंड के खिलाफ होने वाली सीरीज के लिए वैभव सूर्यवंशी का नाम भी शॉर्टलिस्ट किया गया है। कहा जा रहा है कि टीम इंडिया के सेलेक्टर्स इंतजार करने के बजाय अब वैभव को खिलाने पर विचार कर रहे हैं। उन्हें कॉन्फिडेंस देने के लिए पहले उन्हें अपेक्षाकृत कमजोर टीम के खिलाफ उतारा जा सकता है और अगर वह ठीक प्रदर्शन करते हैं तो उन्हें बड़ी टीमों के खिलाफ भी मौका मिल सकता है।

 

आयरलैंड के खिलाफ सीरीज के बाद टीम इंडिया को जिम्बाब्वे के खिलाफ की तीन मैचों की सीरीज खेलनी है और वैभव को उसमें भी मौका मिल सकता है। कहा जा रहा है कि वैभव सूर्यवंशी पर IPL चेयरमैन अरुण धूमल को भी भरोसा है और वह सार्वजनिक तौर पर वैभव की तारीफ कर चुके हैं।

 

यह भी पढ़ें: जब पैदा भी नहीं हुए थे वैभव, तब से IPL खेल रहे हैं ये दिग्गज, देखें पूरी लिस्ट

 

बता दें कि वैभव सूर्यवंशी अंडर-19 टीम के लिए भी खेलते रहे हैं और अब टीम मैनेजमेंट अगले टी20 वर्ल्ड कप में उनकी भूमिका देख रही है। यही वजह है कि उन्हें धीरे-धीरे टीम के साथ जोड़ने की तैयारी चल रही है।