आयरलैंड-इंग्लैंड दौरे और एशियन गेम्स के लिए शनिवार (6 जून) को भारतीय टी20 टीम की घोषणा की गई। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने श्रेयस अय्यर को नया टी20 कप्तान बनाया है। वहीं 15 साल के वैभव सूर्यवंशी की टीम इंडिया में एंट्री हुई है। वैभव भारतीय टीम में सेलेक्ट होने वाले सबसे युवा क्रिकेटर बन गए हैं। उन्होंने सचिन तेंदुलकर का सालों पुराना रिकॉर्ड तोड़ा। सचिन 16 साल की उम्र में भारतीय टीम में चुने गए थे।
वैभव का टीम इंडिया में सेलेक्शन तय माना जा रहा था। उन्होंने IPL 2026 में 237.30 के विस्फोटक स्ट्राइक रेट से 776 रन बनाकर ऑरेंज कैप अपने नाम की थी। इस दौरान उन्होंने एक शतक और पांच अर्धशतक जड़े। वैभव ने प्लेऑफ में 97 और 96 रन की पारी खेलकर क्रिकेट वर्ल्ड का ध्यान अपनी ओर खींचा। BCCI के चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर ने उन्हें टीम में शामिल करने के बाद उनकी जमकर तारीफ की। अगरकर बिहार के इस युवा खिलाड़ी की मैच का रुख बदलने की क्षमता से प्रभावित दिखे।
यह भी पढ़ें: एशियन गेम्स में कोई रिस्क नहीं... BCCI ने चुनी मजबूत टीम, बुमराह भी खेलेंगे
वैभव की तारीफ में क्या बोले अगरकर?
अगरकर ने कहा, 'हमने देखा है कि वह क्या कर सकता है। IPL के प्लेऑफ में भी हमने देखा कि उसने लगभग अकेले दम पर अपनी टीम को आगे बढ़ाया।' उन्होंने आगे कहा, 'एक युवा खिलाड़ी का इतने अधिक दबाव वाले माहौल में बल्लेबाजी करना और मैच का पासा पलट देने की क्षमता दिखाना बेहद सराहनीय है। वह निश्चित रूप से गेम चेंजर बन सकता है।'
श्रेयस ही कप्तान क्यों?
टी20 वर्ल्ड कप जिताने वाले सूर्यकुमार यादव को टीम से ड्रॉप कर श्रेयस को कप्तानी की जिम्मेदारी दी गई है। श्रेयस ने पिछले ढाई साल से कोई टी20 इंटरनेशनल मैच नहीं खेला है और अब उन्हें सीधे टीम का कप्तान बना दिया गया है। श्रेयस को कप्तान बनाए जाने पर अगरकर ने कहा कि IPL में उन्होंने बतौर लीडर खुद को साबित किया है। इसलिए उनके हाथों में कमान दी गई है।
अगरकर ने कहा, 'श्रेयस ने कप्तान के तौर पर खुद को साबित किया है। KKR को खिताब दिलाने के अलावा उन्होंने पंजाब किंग्स के लिए भी लगातार दो सफल सीजन खेले। वह टीम के दायरे से कभी बाहर नहीं थे, लेकिन कॉम्बिनेशन के कारण जगह नहीं बना पा रहे थे।'
यह भी पढ़ें: अमेरिका में खेल सकेगी ईरान की टीम, FIFA वर्ल्ड कप के लिए मिला वीजा
इंग्लैंड और आयरलैंड दौरे के लिए भारतीय टी20 टीम: श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, ईशान किशन, शिवम दुबे, तिलक वर्मा (उप-कप्तान), नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई, मोहम्मद सिराज, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव
एशियन गेम्स 2026 के लिए भारतीय टीम: श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, ईशान किशन, शिवम दुबे, तिलक वर्मा (उप-कप्तान), नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, वैभव सूर्यवंशी, जसप्रीत बुमराह
