FIFA वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत 11 जून से हो रही है। फुटबॉल के महाकुंभ से पहले फैंस के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। लंबे इंतजार और अनिश्चितता के बाद आखिरकार FIFA को भारत में ब्रॉडकास्टर मिल गया है। जी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज लिमिटेड (ZEEL) की स्पोर्ट्स यूनिट Unite8 Sports ने भारत में FIFA वर्ल्ड कप 2026 के ब्रॉडकास्ट और स्ट्रीमिंग राइट्स हासिल कर लिए हैं।

 

ZEEL ने सोमवार (1 जून) को फुटबॉल की वर्ल्ड गवर्निंग बॉडी (FIFA) के साथ इस डील की घोषणा की। इस डील के तहत ZEE भारत में 2026 से 2034 तक FIFA के सभी इवेंट्स का टेलिकास्ट और स्ट्रीम करेगा। एक संयुक्त बयान में कहा गया है कि ZEEL के पास भारतीय बाजार के लिए FIFA वर्ल्ड कप 2026, FIFA वर्ल्ड कप 2030, FIFA महिला वर्ल्ड कप 2027 के साथ 2034 तक के अन्य अहम FIFA इवेंट्स और डॉक्यू-सीरीज कंटेंट के मीडिया राइट्स होंगे।

 

यह भी पढ़ें: 17 साल तक ट्रॉफी के लिए तरसी RCB अब कैसे जीत रही है? टीम के 'चाणक्य' ने खोला राज

ब्रॉडकास्ट डील की नहीं बन पा रही थी बात

आगामी FIFA वर्ल्ड कप अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको की संयुक्त मेजबानी में होना है। टाइम जोन में अंतर की वजह से भारत में अधिकांश मुकाबले देर रात और सुबह के समय ब्रॉडकास्ट होंगे, जिसके चलते कई ब्रॉडकास्टर्स इस डील को लेकर ज्यादा उत्साहित नहीं थे। ZEEL के साथ FIFA की हुई डील के बाद अब करोड़ों भारतीय फुटबॉल फैंस वर्ल्ड कप के रोमांचक मुकाबलों का लुत्फ उठा सकेंगे।

 

ZEEL के CEO पुनीत गोयंका ने कहा, 'हम दुनिया के सबसे बड़े खेल टूर्नामेंट में से एक को भारतीय दर्शकों तक पहुंचाने को लेकर बहुत उत्साहित हैंFIFA के मीडिया राइट्स खरीदने और नए स्पोर्ट्स चैनल शुरू करने का हमारा फैसला दिखाता है कि हमें भारत में फुटबॉल के भविष्य पर पूरा भरोसा है।'

 

यह भी पढ़ें: वैभव को अब टीम इंडिया में लाओ... पूर्व चीफ सेलेक्टर और कोच ने एक सुर में की मांग

मोबाईल पर कहां दिखेगा फुटबॉल वर्ल्ड कप?

FIFA वर्ल्ड कप 2026 का लाइव टेलिकास्ट ZEEL अपने नए यूनाईट8 स्पोर्ट्स नेटवर्क के जरिए करेगा। मोबाईल पर फुटबॉल वर्ल्ड कप का रोमांच देखने के लिए ZEE5 ऐप्प डाउनलोड करना होगा।