इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की सबसे पॉपुलर टीमों में से एक रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) अब एक नए ओनरशिप ग्रुप के पास चली गई है। आदित्य बिरला ग्रुप, टाइम्स ऑफ इंडिया ग्रुप, बोल्ट वेंचर्स और ब्लैकस्टोन के एक ग्रुप ने लगभग 1.78 बिलियन डॉलर (लगभग 16,600 करोड़ रुपये) में फ्रेंचाइजी खरीदी है। RCB के नए चेयरमैन आर्यमन बिरला भी क्रिकेटर रहे हैं लेकिन उन्हें IPL में एक भी मैच खेलने को नहीं मिला था।

 

IPL की इस डील को IPL के इतिहास में सबसे महंगा माना जा रहा है। इस डील के साथ ही एक और नाम चर्चा में आ गया है, वह हैं आर्यमन बिरला। पूर्व क्रिकेटर आर्यमन को RCB का चेयरमैन बनाया गया है। दिलचस्प बात यह है कि आर्यमन खुद IPL में एक भी मैच नहीं खेल पाए लेकिन अब वह इस बड़ी टीम के संचालन में अहम भूमिका निभाएंगे। RCB अपना IPL 2026 अभियान 28 मार्च से सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ शुरू करेगी।

 

यह भी पढ़ें: कार्तिक शर्मा, सलिल अरोड़ा... ये 5 नए बल्लेबाज IPL 2026 में मचा सकते हैं कोहराम

कौन हैं आर्यमन बिरला?

आर्यमन बिरला देश के बड़े उद्योगपति कुमार मंगलम बिरला के बेटे हैं। उनका जन्म 9 जुलाई 1997 को मुंबई में हुआ। उन्होंने क्रिकेट में करियर बनाने के लिए कम उम्र में ही मुंबई छोड़कर मध्य प्रदेश का रुख किया। नवंबर 2017 में उन्होंने ओडिशा के खिलाफ रणजी ट्रॉफी में फर्स्ट क्लास डेब्यू किया। इससे पहले वह लंदन में भी क्रिकेट खेल चुके हैं और वहां प्रोफेशनल ट्रेनिंग ली।

 

आर्यमन बिरला ने अपने करियर में 9 फर्स्ट क्लास मैचों में 414 रन बनाए हैं, जिसमें एक शतक और एक अर्धशतक शामिल है। इसके अलावा उन्होंने 4 लिस्ट ए मैच भी खेले। 2017-18 के सीजन में अंडर 23 सीके नायडू ट्रॉफी में उन्होंने 602 रन बनाकर शानदार प्रदर्शन किया था। उन्हें IPL 2018 में राजस्थान रॉयल्स ने खरीदा था लेकिन उन्हें एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला। बाद में 2020 से पहले आर्यमन को टीम से रिलीज कर दिया गया।

 

यह भी पढ़ें: RCB से पहले बिक गई राजस्थान रॉयल्स, खरीदने वाले काल सोमानी कौन हैं?

आर्यमन ने बिजनेस में बनाया पहचान

दिसंबर 2019 में आर्यमन बिरला ने क्रिकेट को अलविदा कह दिया। एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया था कि वह लंबे समय से मानसिक तनाव से जूझ रहे थे और अब अपनी मानसिक सेहत को प्राथमिकता देना चाहते हैं।

 

फिलहाल वह आदित्य बिरला ग्रुप की विभिन्न कंपनियों में नेतृत्व की भूमिका निभा रहे हैं। वह आदित्य बिरला मैनेजमेंट कॉर्पोरेशन के बोर्ड में भी शामिल हैं और ग्रासिम इंडस्ट्रीज व आदित्य बिरला फैशन जैसे बड़े ब्रांड्स से जुड़े हैं।