भारतीय टीम 2 टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए श्रीलंका पहुंच गई है। पहला टेस्ट 15 अगस्त से गॉल में खेला जाना है। इससे पहले टीम इंडिया कोलंबो के NCC ग्राउंड में प्रैक्टिस कर रही है। टॉप ऑर्डर के बल्लेबाज साई सुदर्शन अभी बेंगलुरु में ही हैं। वह भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) में मेडिकल स्टाफ की देख-रेख में चोट से उबर रहे हैं। वॉशिंगटन सुंदर भी चोटिल हैं और वह पहले टेस्ट से बाहर हैं।
सुंदर की गैरमौजूदगी में सारांश जैन को टेस्ट डेब्यू का मौका मिल सकता है। रवींद्र जडेजा स्पिन डिपार्टमेंट की अगुवाई करेंगे। उन्हें कुलदीप यादव का साथ मिलेगा। अफगानिस्तान के खिलाफ हाल ही में टेस्ट डेब्यू पर चमकने वाले मानव सुथार को बाहर बैठना पड़ सकता है, क्योंकि अब जडेजा टीम में आ गए हैं। इन 4-4 स्पिनर्स के अलावा 4 और स्पिनर्स - तनुष कोटियान, हर्ष दुबे, विपराज निगम और शिवांग कुमार भी नेट बॉलर के तौर पर श्रीलंका भेजे गए हैं।
यह भी पढ़ें: भारत में अगला BGT, ऑस्ट्रेलिया नहीं खेलेगा प्रैक्टिस मैच, कोच बोले - जरूरत नहीं
कोई चूक नहीं करना चाहती टीम इंडिया
भारतीय टीम को हालिया समय में अपनी सरजमीं पर टेस्ट में हार मिली है। विदेशी स्पिनर्स भारत में आकर टीम इंडिया के बल्लेबाजों को अपनी फिरकी पर नचाते नजर आए हैं। पहले न्यूजीलैंड के मिचेल सैंटनर, एजाज पटेल और ग्लेन फिलिप्स ने भारतीय स्टार्स को ढेर किया। इसके बाद साउथ अफ्रीका के साइमन हार्मर और केशव महाराज ने नकेल कसी।
न्यूजीलैंड और साउथ अफ्रीका के हाथों टीम इंडिया का क्लीन स्वीप होने का बड़ा कारण स्पिनर्स के सामने बल्लेबाजों का नतमस्तक होना रहा। टीम मैनेजमेंट स्पिन के खिलाफ बल्लेबाजों की कमी दूर करने के लिए अलग-अलग स्पिनर्स के सामने प्रैक्टिस कराना चाहती है, ताकि वे गॉल में नहीं फंसे। तनुष कोटियान ऑफ स्पिन डालते हैं, जबकि हर्षु दुबे लेफ्ट आर्म स्पिनर हैं। विपराग निगम लेग स्पिनर हैं, तो शिवांग कुमार बाएं हाथ के कलाई के स्पिनर हैं।
यह भी पढ़ें: सेंट लुइस ग्रैंड चेस: रैपिड वर्ग में आर प्रज्ञानानंदा टॉप पर, अब ब्लिट्ज की बारी
श्रीलंका का स्पिन डिपार्टमेंट है घातक
श्रीलंका के पास प्रभात जयसूर्या जैसा घातक स्पिनर है, जो भारतीय बल्लेबाजों के लिए घातक साबित हो सकता है। लेफ्ट आर्म स्पिनर प्रभात महज 23 टेस्ट मैचों में ही 125 विकेट चटका चुके हैं। उन्हें रमेश मेंडिस और कामिंदु मेंडिस जैसे स्पिनर्स का साथ मिलेगा। टीम इंडिया के ज्यादातर बल्लेबाजों ने इन स्पिनर्स को नहीं खेला है। इसीलिए भारतीय टीम मैनेजमेंट कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती है और अलग-अलग तरह के स्पिनर्स की गेंदों पर रेड बॉल से तैयारी कराना चाहती है।
श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय टीम: शुभमन गिल (कप्तान), केएल राहुल (उप-कप्तान), यशस्वी जायसवाल , ऋषभ पंत (विकेटकीपर), साई सुदर्शन, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, मानव सुथार, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बराड़, देवदत्त पडिक्कल, सारांश जैन, आकिब नबी।
