मौजूदा वर्ल्ड चैंपियन भारत के डी गुकेश और उज्बेकिस्तान के जावोखिर सिंदारोव के बीच गुरुवार को खेला गया तीसरा मैच भी ड्रॉ रहा। गुकेश नेबर्लिन डिफेंस पर अपनी मजबूत पकड़ का शानदार नमूना पेश करते हुए तीसरी बाजी में काले मोहरों से खेलते हुए आसानी से ड्रॉ खेला। इस बाजी के बाद दोनों खिलाड़ियों के खाते में 1.5-1.5 अंक हैं। शुक्रवार को विश्राम का दिन रहेगा। इस मुकाबले में गुकेश शुरुआती चालों से ही पूरी तैयारी के साथ उतरे थे और उन्होंने सिंदारोव की बढ़त हासिल करने की कोशिशों का आत्मविश्वास के साथ सामना किया। 

 

कंप्यूटर एनैलसिस में कुछ समय के लिए सफेद मोहरों की स्थिति बेहतर दिखाई देने के बावजूद गुकेश अपनी स्थिति मजबूत बनाए रखने में सफल रहे। इस ड्रॉ का एक और फायदा गुकेश को मिला है। चौथी बाजी में उनके पास सफेद मोहरे होंगे। तीसरी बाजी में सिंदारोव के लिए स्थिति आसान नहीं रही। उन्हें ओपनिंग के एक कठिन और आक्रामक रूप का सामना करना पड़ा। सिंदारोव इस तैयारी से चौंक गए और शुरुआती चालों को समझने में उन्हें काफी समय खर्च करना पड़ा। एक समय तो वह समय के मामले में भी पिछड़ गए। आमतौर पर काले मोहरों से खेलते समय गुकेश को इस तरह की स्थिति का सामना करना पड़ता है।

पूरे मैच में हावी दिखे गुकेश

दूसरी ओर, गुकेश पूरे मुकाबले में काफी सहज नजर आए। उन्होंने शुरुआती चालों में कोई कमजोरी नहीं दिखाई और सिंदारोव की बढ़त हासिल करने की कोशिशों को आसानी से नाकाम किया। दोनों खिलाड़ी लगातार बेहतर स्थिति बनाने के प्रयास करते रहे लेकिन कोई भी निर्णायक बढ़त हासिल नहीं कर सका। नियमों के मुताबिक दोनों खिलाड़ियों के बीच आपसी सहमति से ड्रॉ का प्रस्ताव 40 चाल से पहले स्वीकार नहीं किया जा सकता था। इसलिए उन्हें टाइम कंट्रोल पूरा होने तक अनिवार्य चालें चलनी पड़ीं जिसके बाद अतिरिक्त समय मिलने का प्रावधान लागू हुआ।

 

यह भी पढ़ें: गुकेश और सिंदारोव के बीच दूसरी बाजी भी ड्रॉ, 20 चाल में खत्म हुआ मुकाबला

 

हालांकि, इस मुकाबले में कुछ रोमांचक क्षण भी आए। सिंदारोव ने एक समय अपने राजा की तरफ के प्यादे को आक्रामक तरीके से आगे बढ़ाकर मुकाबले की दिशा बदलने की कोशिश की लेकिन गुकेश ने अपनी स्थिति पर पूरा नियंत्रण बनाए रखा और इस संभावित खतरे को खारिज कर दिया। इससे संकेत मिला कि भारतीय खिलाड़ी ड्रॉ के संभावित परिणाम से संतुष्ट थे। अंतिम चरण में सिंदारोव पर समय का भारी दबाव आ गया। अतिरिक्त 30 मिनट मिलने से पहले उन्हें अंतिम दो मिनट में चार चाल चलनी थीं। उन्होंने समय रहते अपनी चालें पूरी कर लीं और आखिरकार 60 चाल के बाद दोनों खिलाड़ियों ने ड्रॉ पर सहमति जता दी।

कैसे तय होगा विजेता?

बता दें कि इस 14 बाजियों की विश्व चैंपियनशिप में अब 11 बाजियां बाकी हैं। तीसरी बाजी के प्रदर्शन से संकेत मिलता है कि गुकेश की तैयारी में अभी कई नई रणनीतियां मौजूद हैं जबकि सिंदारोव को अपनी मैच संबंधी तैयारी पर कुछ सवालों के जवाब तलाशने होंगे। इस मुकाबले में सबसे पहले 7.5 अंक हासिल करने वाला खिलाड़ी विश्व चैंपियन बनेगा। अगर 14 बाजियों के बाद स्कोर बराबर रहता है तो विजेता का फैसला करने के लिए छोटे फार्मैट में टाई ब्रेकर मुकाबले खेले जाएंगे। टाइम कंट्रोल के तहत शुरुआती 40 चालों के लिए प्रत्येक खिलाड़ी को 120 मिनट मिलेंगे। इसके बाद 41वीं चाल से 30 मिनट अतिरिक्त दिए जाएंगे और प्रत्येक चाल के बाद 30 सेकंड का समय भी जोड़ा जाएगा। 

 

यह भी पढ़ें: वर्ल्ड चेस चैंपियनशिप: 38 चाल तक चली जंग, ड्रॉ में भी गुकेश जीते कैसे?

 

आपसी सहमति से 40 चाल पूरी होने से पहले ड्रॉ स्वीकार नहीं किया जा सकता। हालांकि, तीन बार एक जैसी स्थिति बनने या स्टेलमेट होने पर बाजी पहले भी समाप्त हो सकती है। इस मुकाबले की कुल पुरस्कार राशि 25 लाख डॉलर है। हर जीत पर दो लाख डॉलर मिलेंगे जबकि शेष पुरस्कार राशि दोनों खिलाड़ियों के बीच बराबर बांटी जाएगी। टाई ब्रेकर की स्थिति में विजेता को 13 लाख डॉलर और उपविजेता को 12 लाख डॉलर मिलेंगे।