तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने बाल दिवस पर स्कूली बच्चों को खास तोहफा देने का फैसला किया है। उन्होंने राज्य के सरकारी और सरकारी सहायता प्राप्त स्कूलों के सभी विद्यार्थियों को केक बांटने का निर्देश दिया है। इस फैसले के तहत करीब 61.84 लाख बच्चों को केक दिए जाएंगे। इसके साथ ही बच्चों को मुख्यमंत्री विजय के साइन किए शुभकामना कार्ड भी बांटे जाएंगे। इस पूरी योजना के लिए राज्य सरकार ने 9.27 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। बाल दिवस यानी 14 नवंबर को मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय तिरुनेलवेली जिले के अंबासमुद्रम में स्कूली बच्चों के साथ यह दिन मनाएंगे।
इस योजना में तमिलनाडु के प्राइमरी, सेकेंडरी और हायर सेकेंडरी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को केक दिए जाएंगे। राज्य के करीब 61 लाख 84 हजार 566 विद्यार्थियों को केक बांटा जाएगा। बच्चों को 45 ग्राम का स्पंज केक दिया जाएगा। ये केक दो फ्लेवर में होंगे, मिक्स्ड फ्रूट वैनिला और रिच चॉकलेट। यानी हर बच्चे को बाल दिवस पर चॉकलेट या फ्रूट फ्लेवर का केक मिलेगा।
इन जिलों में बांटे जाएंगे दो पैकेट केक
केक की कमी न हो, इसके लिए तमिलनाडु नागरिक आपूर्ति निगम (TNCSC) ने टेंडर जारी किए थे। इसमें चार बड़ी कंपनियों से केक खरीदे गए। वितरण के तहत 12 जिलों में हर विद्यार्थी को 45 ग्राम के केक के दो पैकेट दिए जाएंगे। इन जिलों में मयिलादुथुराई, सलेम, तंजावुर, मदुरै, तिरुवन्नामलाई, तिरुचिरापल्ली, कोयंबटूर, तिरुप्पुर, नीलगिरि, इरोड, नमक्कल और करूर शामिल हैं। वहीं, बाकी जिलों में प्रत्येक विद्यार्थी को 45 ग्राम केक का एक पैकेट मिलेगा।
यह भी पढ़ें: छठ पर रेलवे चलाएगा स्पेशल ट्रेनें, दिल्ली से आज 31 और कल 29 ट्रेनें रवाना होंगी
क्वालिटी चेक पर सरकार एक्टिव
केक की क्वालिटी जांचने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने उनके स्टॉक का निरीक्षण किया है। जांच के बाद केक को बांटने की मंजूरी दी गई। 10 से 12 नवंबर के बीच सभी स्कूलों तक केक पहुंचाए जाएंगे। इस काम की जिम्मेदारी शिक्षा विभाग के अधिकारियों को दी गई है।
यह भी पढ़ें: अयोध्या के दीपोत्सव के बाद खाली बचे तेल का क्या हुआ? तस्वीरें भावुक कर देंगी
स्कूलों को निर्देश दिया गया है कि केक के पैकेट साफ-सुथरी और सुरक्षित जगह पर रखें, ताकि वे खराब न हों। शुक्रवार को केक बांटने के काम पर जिला कलेक्टर और अन्य अधिकारी नजर रखेंगे। मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय भी 13 नवंबर को खुद बच्चों को केक और अपने हस्ताक्षर वाले शुभकामना कार्ड देंगे। इस दौरान वे बच्चों को बाल दिवस की बधाई भी देंगे।
