उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आ रही है। यहां एक 70 वर्षीय बुजुर्ग ने अपने 36 वर्षीय बेटे की गोली मारकर हत्या कर दी। आरोपी पिता यहीं नहीं थमा। उसने अपनी बहू पर भी फायरिंग की। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के मुताबिक जमीन विवाद में वारदात को अंजाम दिया गया है। आरोपी पिता अभी फरार है। पुलिस की कई टीमें उसकी तलाश में जुटी हैं।

 

घटना बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के सीतापुर गांव की है। पुलिस के मुताबिक परिवार में जमीन से जुड़ा विवाद पिछले कुछ दिनों से चल रहा था। बुधवार को बहू मनीषा और सास में बहस होने लगी। तभी राम खेलावन के बेटे अवनीश वर्मा (36) ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया। इसी बीच उसका अपने पिता राम खेलावन से झगड़ा हो गया। बिंदकी के एसएचओ दिनेश कुमार मिश्रा ने बताया कि तैश में आकर राम खेलावन ने अपने कमरे से लाइसेंसी डबल बैरल बंदूक निकाल ली और सीधे अपने बेटे पर फायरिंग कर दी।

 

यह भी पढ़ें: 1000 से ज्यादा लोगों की नौकरी खा गए 50 रोबोट, दिग्गज कंपनी ने दुनिया को डराया

 

गोली अवनीश के कंधे में लगी। तभी 26 वर्षीय मनीषा अपने पति को बचाने आगे बढ़ी तो एक गोली उसके पेट में जा लगी। गोली की आवाज सुनते ही पूरे गांव में हड़कंप मच गया। गांववाले राम खेलावन के घर की तरफ भागे। वहां पहुंचने पर अवनीश और उसकी पत्नी मनीषा खून से लथपथ मिली।

 

दोनों को तुरंत बिंदकी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। जहां हालत गंभीर देखते हुए दोनों को कानपुर रेफर कर दिया गया। पुलिस के मुताबिक इलाज के दौरान अवनीश की मौत हो गई। वहीं पत्नी मनीषा का गंभीर हालत में इलाज चल रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। 

 

यह भी पढ़ें: 5-स्टार होटल, 70 कमरे और ग्रैंड सरप्राइज पार्टी... केतन हत्याकांड में नया खुलासा

 

फतेहपुर के पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि बुधवार सुबह करीब 10 बजे फायरिंग की सूचना मिली। आरोपी ने पारिवारिक विवाद में अपने बेटे और बहू पर लाइसेंसी डबल-बैरल बंदूक से फायरिंग की है। हथियार जब्त कर लिया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी की खातिर टीमों का गठन किया गया है।