महाराष्ट्र के ठाणे जिले के भिवंडी में शुक्रवार को देर रात चार मंजिला इमारत गिरने से हड़कंप मच गया। इस हादसे में 8 लोगों की मौत की खबर है और मलबे में 4 से 5 लोगों के दबे होने की आशंका है। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड और NDRF की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया, मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला जा रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, NDRF की टीम ने मलबे से एक महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया है, उन्हें अस्पताल भेजा गया। इस घटना के बाद से ही पूरे इलाके में अफरा-तफरी मची है। 

 

मिली जानकारी के मुताबिक, इस चार मंजिला कोहिनूर बिल्डिंग को नगर निगम ने पहले ही खाली करने को कहा था। क्योंकि यह बिल्डिंग काफी ज्यादा जर्जर हो चुकी थी। नगर निकाय ने इस इमारत को खतरनाक घोषित किया था। यह हादसा तब हुआ जब इस इमारत में मरम्मत का काम चल रहा था। 

 

यह भी पढ़ें: बस्ती में जमीन विवाद में युवक की मौत, सुसाइड नोट में लेखपाल पर आरोप

पहले ही बिल्डिंग खाली करने की मिली थी चेतावनी 

कोहिनूर बिल्डिंग को नगर निगम ने खतरनाक करार दिया था। इस बिल्डिंग को खतरनाक बताते हुए खाली करने को कहा गया था। बिल्डिंग से ज्यादातर परिवार निकल गए थे लेकिन एक परिवार वहां था जो कुछ मरम्मत करवा रहा था। मरम्मत के दौरान ही बिल्डिंग का कुछ हिस्सा भरभराकर गिर गया, इसकी चपेट में वहां मौजूद परिवार के लोग और मजदूर आ गए। यह घटना बृहस्पतिवार को रात करीब साढ़े 11 बजे हुई।  नगर निगम के अधिकारियों ने बताया कि इस इमारत में 48 कमरे थे, हर मंज़िल पर 12 कमरे।

 

एक अधिकारी ने बताया कि बृहस्पतिवार रात करीब 9 बजे स्थानीय लोगों ने इमारत से ‘‘तेज दरार पड़ने जैसी आवाजें सुनीं। खतरे को भांपते हुए स्थानीय लोगों ने तुरंत कई परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने में मदद की लेकिन जब कुछ निवासी बाहर निकल ही रहे थे, तभी इमारत की ‘बी’ विंग अचानक भरभराकर ढह गई। फिलहाल युद्धस्तर पर राहत और बचाव कार्य जारी है। मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। मिली जानकारी के मुताबिक एक को छोड़कर बाकी सभी की पहचान अभी होनी बाकी है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल ले जाया गया है। 

अब तक क्या हुआ?

PTI के मुताबिक, इस हादसे में अब तक 8 लोगों की मौत हो चुकी है। मलबे में अभी भी 4 से 5 लोगों के दबे होने की आशंका है। NDRF, फायर ब्रिगेड, पुलिस और स्थानीय प्रशासन का रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, राहत दल ने मलबे से कई लोगों को निकाला, इनमें से एक महिला को एक महिला को सुरक्षित निकालकर अस्पताल भेजा गया है। इस घटना के बाद एजेंसियों का एक बड़ा बचाव अभियान चल रहा है, जिसमें नेशनल डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स, ठाणे डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स और स्थानीय फायर ब्रिगेड की टीमें शामिल हैं. हादसे वाली जगह पर एक डॉग स्क्वॉड, चार फायर इंजन, दो एम्बुलेंस और भारी अर्थ-मूविंग मशीनरी तैनात की गई है।